सीओ ने कहा नकाबपोश चोरों के आने की फैलायी जा रहीं झूठी अफवाहें

पुलिस जाँच में ऐसा कोई भी तथ्य सामने नहीं आया, लोग सतर्क/सुरक्षित रहें
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से फतेहगढ़ में रात्रि के समय नकाबपोश चोरों के आने की सूचनाएं मिल रही हैं। जिससे आमजन के बीच भ्रम और भय का वातावरण बना हुआ है। अफवाहें फैलाई जा रही है कि चोर क्षेत्र में घूम रहे हैं। जनपद के कई थाना क्षेत्रों में ग्रामीणों द्वारा इस प्रकार की सूचना दी गई, लेकिन पुलिस जाँच में किसी भी क्षेत्र में ऐसी किसी गतिविधि का होना नहीं पाया गया। पिछले कुछ दिनों में डायल 112 के इवेंट्स पर पहुँच कर पुलिस द्वारा चोरों की अफवाह पर जांच की गयी। इस बीच अन्य आपराधिक प्रकरणों के अनावरण में अपराधी पकड़े गए। कहीं भी अब तक ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है जिसमें कहीं पर कोई चोरी करने वाला गिरोह या रेकी करने वाले व्यक्ति पकड़े गये हों। बताते चलें कि कुछ शरारती तत्व ग्रामीणों में भय व्याप्त करने हेतु इस प्रकार की अफवाहों को बल दे रहे हैं। कोई बाहरी व्यक्ति को जो रात्रि में अपने परिजनों या अन्य साथियों के साथ जा रहा है तो उन्हें भी कई वार चोर मान लिया जाता है। किसी एक व्यक्ति द्वारा चोर देखे गये कहने पर अफवाह फैल जाती है। भले ही किसी ने कुछ न देखा हो। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देए तो 112 पर कॉल करें या नजदीकी थाने को सूचित करें। अफवाहें न फैलाएं। बिना पुष्टि के कोई सूचना न साझा करें। अपने मोहल्ले गांव में अधिक से अधिक ससीटीवी कैमरे लगवाएं। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पहले भी सफल प्रयास हो चुके हैं।

ऐसे में क्या करें, क्या न करें

सुनी सुनाई बातों को बिना पुष्टि शेयर न करें, पुराने फोटो या वीडियो को नए घटनाक्रम बताकर ग्रुपों में शेयर न करें, सोशल मीडिया पर लाइक वायरल पाने के लिए भ्रामक या सनसनीखेज पोस्ट न करें, संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें, स्वयं कोई कार्रवाई न करें। पुलिस द्वारा गाँवों में जाकर जनसभाएं की जा रही हैं। रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी किया गया है। सभी सूचनाओं का विश्लेषण किया जा रहा है। प्रत्येक गांवों में ग्राम सुरक्षा समिति का गठन किया गया है। सतर्क रहें तथा सुरक्षित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *