कोचिंग सेंटर विस्फोट हादसा: डीआईजी बोले मीथेन गैस से हुआ कोचिंग सेंटर में विस्फोट

 जांच में फॉरेंसिक व एटीएस टीमें जांच में जुटीं, लोगों में दहशत
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बीते दिन कोचिंग सेंटर में हुए विस्फोट के बाद आईजी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना की तह तक जाने के लिए फॉरेंसिक व एटीएस टीम जांच में जुटी है।
कादरीगेट थाना क्षेत्र के सातनपुर मंडी स्थित एक कोचिंग सेंटर में शनिवार को हुए विस्फोट की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस प्रशासन के मुताबिक प्रथम दृष्टया हादसा सेप्टिक टैंक में बनी मीथेन गैस के कारण हुआ। इस हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई थी, जबकि पांच बच्चे घायल हुए। मृतकों का रविवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं घायलों का इलाज जारी है। रविवार शाम पुलिस उप महानिरीक्षक हरिश्चंद्र खुद घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से रिपोर्ट ली और स्पष्ट किया कि अभी तक किसी विस्फोटक पदार्थ की पुष्टि नहीं हुई है। डीआईजी ने बताया कि बिल्डिंग के नीचे टैंक बना हुआ था। जिस पर रिसेप्शन बनाया गया था। टैंक का आउटलेट नहीं होने के कारण इसमें गैस जमा हो गई थी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ से एटीएस (एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड) की टीम भी शनिवार देर शाम फर्रुखाबाद पहुंची। टीम ने पहले लोहिया अस्पताल जाकर घायलों से जानकारी ली और फिर घटनास्थल का निरीक्षण किया। देर रात तक जांच जारी रही और रविवार को भी एटीएस व फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके पर जांच की। कन्नौज से वैज्ञानिक अधिकारी डॉ0 प्रवीन श्रीवास्तव के नेतृत्व में फॉरेंसिक टीम बुलाई गई थी। टीम ने टैंक और आसपास के हिस्सों से साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही बीडीडीएस (बम डिस्पोजल एंड डॉग स्क्वॉड) की टीम ने भी डॉग स्क्वॉड के साथ जांच की। घटना के बाद से ही इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। शनिवार से घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात है। रविवार को भी भारी पुलिस बल मौके पर डटा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *