रामनगरी स्थित ऐतिहासिक नजरबाग गुरुद्वारे में मेदांता हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वधान में आयोजित किया गया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
समृद्धि न्यूज़ अयोध्या। अयाेध्या धाम स्थित ऐतिहासिक नजरबाग गुरुद्वारा श्री गुरुनानक गाेविंद धाम में शनिवार को भारत की अग्रणी चिकित्सीय संस्था मेदांता के विशेषज्ञों द्वारा एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।यह आयोजन खालसा फाउंडेशन के साथ संयुक्त रूप से किया गया।यह नि:शुल्क चिकित्सा शिविर नजरबाग गुरुद्वारा प्रांगण में पूर्वाह्न 11 बजे प्रारंभ होकर शाम तीन बजे तक आयोजित किया गया जिसमें करीब दाे साै लाेगाें ने पंजीकरण कराया।इन लोगों को मेदांता के चिकित्सक डा. अनिल कुमार व उनकी टीम शुभी तिवारी व दिव्या सिंह द्वारा उचित परामर्श दिया गया।शिविर का उद्घाटन पुलिस महानिरीक्षक अयोध्या परिक्षेत्र प्रवीण कुमार तथा मंडलायुक्त गाैरव दयाल द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।यह शिविर सिख धर्म के छठवें गुरु हरगाेविंद साहिब जी के पावन प्रकाश पर्व पर लगाया गया जिसमें मेदांता हॉस्पिटल के पेट और हृदय राेग विशेषज्ञों ने मरीजों को परामर्श दिया।इसके साथ ही शिविर में ब्लड प्रेशर, शुगर,ईसीजी,एसपीओ टू तथा वजन बीएमआई की जांचे भी निःशुल्क की गई।इससे पहले मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक अयोध्या परिक्षेत्र श्री कुमार व मंडलायुक्त श्री दयाल ने दरबार में जाकर मत्था टेका। नजरबाग गुरूद्वारा कमेटी पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों का बुके भेंटकर स्वागत किया गया। ऐतिहासिक गुरुद्वारा के मुख्य प्रबंधक जत्थेदार बाबा महेंद्र सिंह ने बताया कि प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी सिख धर्म के छठवें गुरु हरगाेविंद साहिब महाराज का पावन प्रकाश पर्व ज्येष्ठ शुक्ल पूर्णिमा काे हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया।उन्होंने बताया कि हमारी परम्परा रही है कि इस पावन दिन को हम जनसेवा में समर्पित करते हैं।इसी परम्परा के निर्वहन में इस वर्ष भीषण गर्मी और अयोध्या में दर्शनार्थियों की भीड़ को देखते हुए नि: शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है।उन्होंने बताया कि शिविर की शुरुआत प्रातः काल श्री गुरु ग्रंथ साहिब अखंड पाठ के साथ हुई जिसके समापन के बाद मनुष्यता की खुशहाली तथा उत्तम स्वास्थ्य के लिए अरदास की गई।गुरूद्वारा के सेवादार नवनीत सिंह निशू ने बताया कि निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में काफी संख्या में लाेगाें ने आकर स्वास्थ्य लाभ लिया जिन्हें मेदांता हॉस्पिटल के चिकित्सकों द्वारा परामर्श दिया गया।उन्होंने बताया कि छठवें गुरू के प्रकाश पर्व पर बड़ी संख्या में लाेगाें ने लंगर प्रसाद भी ग्रहण किया।इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय तथा गैर जनपद से आए श्रद्धालु मौजूद रहे।
अमिताभ।
