छात्राओं के लिए अलग गेट होने की मांग
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। राजकीय इंटर कालेज फर्रुखाबाद में अब बालिकाओं के लिए भी शिक्षा हेतु भवन बनकर तैयार हो रहा है, जो अंतिम चरण पर है। जिला अल्पसंख्यक विभाग द्वारा भवन का निर्माण कराया जा रहा है। ठेकेदार सत्यवीर की देखरेख में बालिकाओं के लिए स्कूल का निर्माण हो रहा है। राजकीय इंटर कालेज बालक के मैन गेट से होकर ही छात्रायें पढऩे जायेगी, इसको लेकर समाज के लोगों ने आपत्ति उठायी है। राजकीय बालक इंटर कालेज की ओर से भी जिलाधिकारी को पत्र देकर मांग की गई है कि बालिकाओं के लिए अलग से आने-जाने का रास्ता हो। जबकि निर्माणाधीन राजकीय बालिका इंटर कालेज के पश्चिमी ओर निकलने का रास्ता है। अभी तक रास्ता अलग से तैयार नहीं किया गया है। ऐसे में बालक-बालिकाओं के लिए प्रवेश द्वार एक ही होगा तो छात्र-छात्राओं के बीच असमंजस बना रहेगा और कई सारी समस्यायें भी उत्पन्न होने की संभावना रहेगी।
राजकीय बालक इंटर कालेज फर्रुखाबाद के मैदान में जिला अल्पसंख्यक विभाग द्वारा छात्राओं के लिए राजकीय बालिका इंटर कालेज का निर्माण कराया जा रहा है, जो अंतिम चरण पर है। मुख्य द्वार के अलावा छात्राओं के लिए अलग से मैन गेट होना चाहिए, इसके लिए डीएम ने एक समिति बनायी थी। समिति ने अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंप दी है। डीएम ने नगर मजिस्टे्रट को रिपोर्ट भेजकर आगे की कार्यवाही के लिए जिम्मेदारी दी है। पूर्व सभासद सुधांशु दत्त द्विवेदी ने भी इस समस्या को लेकर चिंता जाहिर करते हुए हमारे संवाददाता को बताया कि दोनों विद्यालय एक ही परिसर में है, और निकास भी एक ही है। तो ऐसे में आवागमन भी एक साथ होगा और कई प्रकार की समस्यायें भी उत्पन्न होगी। विद्यालय में शिक्षा अध्ययन कार्य प्रारंभ होने से पहले बालिकाओं को विद्यालय जाने के लिए अलग से निकास कर दिया जाये, यदि आने-जाने के लिए एक ही गेट रहेगा तो छात्र-छात्राओं के पठन-पाठन पर असर पड़ सकता है। ऐसे में समय रहते छात्राओं के लिए आने-जाने का रास्ता अलग होना चाहिए।
राजकीय इं0का0 फर्रु0 में छात्र-छात्राओं का प्रवेश द्वार एक होने से असमंजस
