फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पांचाल घाट से गंगा स्नान करने के बाद बाइक से घर जा रहे मां-बेटे को कंटेनर ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र गंभीर रुप से घायल हो गया। उपचार के लिए लोहिया अस्पताल भिजवाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कंटेनर को अपने कब्जे में ले लिया और दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के अनुसार अल्लाहगंज के ग्राम सपाह धरमपुर पिडरियां निवासी ओमवीर अपनी पत्नी प्रतिमा और 11 माह के पुत्र केशव के साथ फर्रुखाबाद पांचाल घाट गंगा तट पर स्नान करने आये थे। गंगा स्नान के बाद पत्नी और बच्चे के साथ बाइक से घर वापस जा रहे थे। इटावा बरेली नेशनल हाईवे पर ग्राम जैनापुर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और उसकी पत्नी के ऊपर कंटेनर का पहिया चढ़ गया। जिसके चलते महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि 11 माह के बच्चे केशव गंभीर रुप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की मदद से बच्चे को लोहिया अस्पताल भिजवाया गया। जहां डॉ0 अभिषेक चतुर्वेदी ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मां-बेटे की मौत की सूचना पर लोहिया पहुंचे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। ईएमओ डॉक्टर अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि मां-बेटे की मृत्यु हो गयी है। जिनके शवों का चिकित्सीय परीक्षण कर मोर्चरी में रखवा दिया गया है। लोहिया अस्पताल पहुंचकर पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। राजेपुर पुलिस के अनुसार घटना को अंजाम देने वाले कंटेनर को कब्जे में ले लिया गया है।
कंटेनर ने पीछे से बाइक में मारी टक्कर, मां-बेटे की मौत
