फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। उचित दर विक्रेता द्वारा खाद्यान्न वितरण में अनिमिततायें एवं कार्ड धारकों के साथ अभद्र व्यवहार करने के मामले में डीएम के अनुमोदन आदेश पर उचित दर की दुकान का अनुबंध पत्र निलंबित कर दिया। साथ ही उचित दर विक्रेता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया।
बीते 18 जून को नगर क्षेत्र के नवाबगंज मोहल्ला बरतर के उचित दर विके्रता राकेश कुमार के विरुद्ध खाद्यान वितरण में अनियमितता और कार्ड धारकों से अभद्रता करने की शिकायत जिलाधिकारी को की गयी थी। डीएम के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी सुरेन्द्र यादव ने पूर्ति निरीक्षक कायमगंज के साथ मौके पर पहुंचकर उचित दर विक्रेता राकेश कुमार की दुकान का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्ड धारकों से कोटेदार द्वारा राशन में दो किलो प्रति कार्ड राशन कम देने के लिखित बयान दर्ज कराये गये। जिला पूर्ति की जांच आख्या के आधार पर डीएम ने उचित दर विक्रेता की अनुबंध पत्र निलंबित कर दिया। वहीं विकास खंड नवाबगंज के ग्राम तुर्कललैया के उचित दर विक्रेता रामा देवी के विरुद्ध कालाबाजी की शिकायत की गई थी। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अनुबंध निलंबित कर दिया गया। कोटेदार से जबाव तलब किया गया था, लेकिन उसके बाद भी जबाव नहीं दिया। जिलाधिकारी के अनुमोदन आदेश के क्रम में कोटेदार रामादेवी का अनुबंध पत्र निरस्त कर प्रतिभूति धनराशि जब्त कर ली गयी। जिला पूर्ति अधिकारी ने समस्त उचित दर विके्रताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि राशन कार्ड धारकों को नियमानुसार आवश्यक वस्तुओं का वितरण करें। खाद्यान्न वितरण में अनियमितता या संबंधित किसी प्रकार की शिकायत मिलने पर कार्यवाही की जायेगी।
राशन कार्ड धारकों से अभद्रता व कालाबजारी में दो विक्रेताओं के अनुबंध पत्र निलंबित
