फिर एक बार विभाग की लापरवाही आयी सामने
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। शमशाबाद विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत कार्यरत संविदा कर्मी लाइन मैन धीर सिंह पुत्र मेघनाथ निवासी पसियापुर थाना शमशाबाद उस वक्त हाई टेंशनलाइन की चपेट में आकर झुलस गया जब वह एक हाईटेंशन विद्युत लाइन के पोल पर चढक़र जम्फर बांध रहा था। बताते हैं साथ में दो अन्य लाइनमैन नानकराम तथा सुग्रीव भी थे जो अलग-अलग स्थानों पर कार्य कर रहे थे, जबकि धीर सिंह कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर ग्राम धमगमा के निकट स्थित एक भट्टे के पास हाईटेंशन लाइन के विद्युत पोल पर जम्फर बांध रहा था। बताते हैं लाइनमैन नानक राम द्वारा कॉन्फ्रेंसकाल के जरिए एसएसओ रामकिशन से शट डाउन लिया गया था। लगभग 5 मिनट तक तीनों कर्मचारी कांफ्रेंसकाल के जरिए लाइन पर बात कर रहे थे। कुछ समय बाद लाइनमैन नानकराम द्वारा एसएसओ से शटडाउन वापस लेने के लिए कहा गया। जैसे ही शटडाउन वापस लिया गया वैसे ही जम्फर बांध रहा संविदा कर्मचारी विद्युत करंट का शिकार हो गया और बुरी तरह झुलसकर पोल से नीचे आ गिरा। इस घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने मानवता का परिचय देकर विद्युत उपकेंद्र शमसाबाद को सूचना दी तथा गंभीर रूप से झुलसे संविदा कर्मचारी को बाइक के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद में भर्ती कराया। जहां समाचार लिखे जाने तक उपचार जारी था। अक्सर देखा गया जब-जब संविदा विद्युत कर्मी अपने क्षेत्र में बिजली संबंधी तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए अपने-अपने क्षेत्र में जाते है तो मौके पर पहुंच संबंधित एसएसओ से शट डाउन की मांग करता है। अफसोस तब होता है जब शटडाउन की मांग के बावजूद भी कर्मचारी विद्युत करंट के शिकार हो जाते हैं और गंभीर रूप से झुलसकर घायल हो जाते। इस लापरवाही में न जाने कितने लाइनमैन अपनी जान गंवा चुके हैं और न जाने कितने गंभीर रूप से झुलसकर घायल हो चुके हैं। घटना के संबंध में बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से भी संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
करंट लगने से हाईटेंशन लाइन पर कार्य कर रहा संविदा कर्मी झुलसा
