राजेपुर, समृद्धि न्यूज। कोटा चयन के दौरान ग्रामीण आक्रोशित हो गये। चयन प्रक्रिया प्रधान के ना आने पर पूर्ण नहीं हो सकी। जिससे उचित दर विक्रेता की प्रत्याशी व उनके समर्थक आक्रोशित हो गये, लेकिन बात नहीं बनी। कोटा चयन प्रक्रिया को पूर्ण कराने गये सचिवों को ग्रामीणों ने बैठा लिया। जिसके बाद पुलिस को मौके पर आना पड़ा। उचित दर विक्रेता की प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ ब्लाक पहुंचीं और धरना प्रदर्शन कर शिकायत की। बताते चलें कि विकास खंड राजेपुर के ग्राम डबरी के कोटेदार रमेश चन्द्र का बीते लगभग 2 साल पूर्व निधन हो गया था। जिससे गाँव में कोटेदार का चयन होना था। जिसकी चयन प्रक्रिया के लिए सचिव शिव सिंह, राजीव, सुमन, मानेन्द्र, राघवेन्द्र आदि पहुंचे। कोटेदार प्रत्याशी रेखा पत्नी जयवीर सिंह थी, लेकिन प्रधान निधि राजपूत को बुलाया गया, लेकिन वह मौके पर नहीं आयीं। जिससे चयन प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो सकी। कोटेदार प्रत्याशी रेखा व उनके समर्थक ग्रामीण ने सभी सचिवों को बैठा लिया और कहा कि जब तक प्रधान मौके पर नहीं आती हैं तब तक वह नहीं जायेंगे। जिसके बाद सचिव ने खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार जायसवाल को सूचना दी। जिसके बाद कार्यवाहक थाना प्रभारी मौके पर पंहुचे और सचिवों को वहां से निकाला। जिस पर कोटेदार प्रत्याशी रेखा अपने समर्थकों के साथ विकास खंड कार्यालय में धरने पर बैठ गयीं। काफी देर बाद डीआई अमित कुमार को प्रार्थना पत्र प्रत्याशी रेखा की तरफ से दिया गया।
