

समृद्धि न्यूज।
ड्यूटी के नाम पर बाबू ने दो जवानों से की हजारों की ठगी
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पीआरडी विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार इसका शिकार हुए पीडि़त पीआरडी के जवान जिलाधिकारी से शिकायत कर चुके है, लेकिन कोई भी आज तक कार्यवाही नहीं हुई। फिर एक बार पीआरडी जवान विपिन कुमार निवासी ग्राम बहोरना व रमेश बाबू ने लिखित शिकायत जिलाधिकारी से की। जिसमें दर्शाया कि वर्ष 2011 में विपिन कुमार ने प्रशिक्षण प्राप्त किया था। उसके पश्चात माता-पिता की मौत हो जाने पर वह रोजी रोटी की तलाश में बाहर चला गया। कुछ समय बाद लौटा तो जिला युवा कल्याण प्रा0वि0द0 अधिकारी से ड्यूटी मांगी जिस पर पीआरडी कार्यालय में तैनात बाबू राजेश मिश्रा ने ड्यूटी ऑन लाइन डाटा फिडिंग के नाम पर 60 हजार रुपये मांग की। इधर-उधर से व्यवस्था कर 40 हजार रुपये राजेश बाबू को पीआरडी जवान शिवपाल सिंह के सामने दिये। टाल मटोल करते रहे ड्यूटी नहीं मिली और न ही रुपये वापस किये। पीडि़त का आरोप है कि मेरे रुपये हड़पने के उद्देश्य से ड्यूटी के नाम से रुपये ले लिये। पीडि़त ने ड्यूटी दिलाने व रुपये वापस कराने की मांग की। वहीं रमेश बाबू निवासी करीमगंज ने आरोप लगाया कि ड्यूटी के नाम पर राजेश मिश्रा बाबू ने 20 हजार रुपये की मांग की। 10 हजार रुपये दे दिये। रुपये तिलक सिंह के सामने दिये गये। बाबू राजेश मिश्रा व बीओ कमालगंज कंचन से कहा, लेकिन आज तक न ड्यूटी दी और न ही मेरे रुपये वापस दिये। जब ज्यादा कहा तो कहा कि मेरी शिकायत जाओ कर दो, कुछ नहीं होगा। इस संदर्भ में विभाग के पास कोई जबाव नहीं है। इससे पहले भी फर्जी पीआरडी जवान का मामला हमारे समाचार पत्र ने प्रकाशित किया था। जिस पर शासन से जांच बिठाई गई तो पता चला कि एक नहीं अनगिनत ऐसे पीआरडी जवान है जिनके पास विभाग का लेखा-जोखा नहीं है। मोटी रकम लेकर करोड़ों के वेतन के बारे-नियारे कर लिये गये।
