विद्युत ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से गौवंश की मौत

स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त, विद्युत अधिकारी बोले करायी जायेगी बंदिश
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते खुले में रखे ट्रांसफार्मर के पास पड़े विद्युत तार की चपेट में आने से गौवंश की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गयी। इस घटना से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। लोगों की माने इस तरह के ट्रांसफार्मर आये दिन किसी न किसी घटना को अंजाम दे रहे है। कई बार तो राहगीर भी इसकी चपेट में आ चुके है। इसके बावजूत विद्युत विभाग के कान में जूं नहीं रेंग रही है।
कस्बा नवाबगंज के मांजना रोड पर मेन चौराहे ब्रह्म देव आश्रम के पास एक ट्रांसफार्मर खुले में रखा है। उसके आसपास विद्युत तार भी पड़े है। गुरुवार को सडक़ किनारे चल गाय का पैर ट्रांसफार्मर के पास पड़े तारों में उलझ गया और वह करंट की चपेट में आ गयी, जिसके चलते उसकी तड़प-तड़प कर मौत हो गयी। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। घटना की जानकारी विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर हर्ष कुमार को दी गई। उन्होंने बताया कि विद्युत सप्लाई बंद करा दी गई और लाइनमैन को मौके पर भेजा गया है। दोबारा कोई हादसा न हो, इसकी रोकथाम के लिए ट्रांसफार्मर के चारों तरफ बंदिश करा दी जायेगी, जिससे कोई भी ट्रांसफार्मर के पास न पहुंचे। स्थानीय लोगों का कहना है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का सख्त आदेश है कोई भी गौवंश खुले में न रहे। जिसके लिए गौशालायें बनवायी गई है। उसके बावजूद भी गौवंशों के झुण्ड के झुण्ड देखे जा सकते है। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि गौशाला तो खोल दी गई है, लेकिन उनमें जो भी गौवंश रखे गये है उनके लिए पर्याप्त चारे आदि की व्यवस्था नहीं है और न ही उनकी देखभाल के लिए कोई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *