समृद्धि न्यूज। देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में इन दिनों आसमान से सूरज आग बरसा रहा है। इतना ही नहीं पूरे उत्तर भारत में लू का प्रकोप भी देखने को मिल रहा है। इसी बीच मौसम विभाग की ओर से आज के मौसम का पूर्वानुमान बताया गया है। आईएमडी के अनुसार, देश के विभिन्न राज्यों में मौसम का मिजाज अलग-अलग रहेगा। देश के मैदानी इलाकों में गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहेगा। वहीं पहाड़ी इलाकों में बरसात और बारिश की संभावना है।
शनिवार को मौसम बदलने की संभावना
पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों से लेकर मध्य, पूर्व और दक्षिण भारतीय राज्य केरल तक 19 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। अभी दो से चार दिन इन राज्यों को राहत नहीं मिलेगी, क्योंकि पारा और चढऩे वाला है। वहीं, पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश हो रही है। सिक्किम में मूसलाधार बारिश के बाद जगह-जगह हुए भूस्खलन में सैकड़ों वाहनों के साथ एक हजार से अधिक सैलानी जहां-तहां फंस गए हैं। पश्चिम बंगाल में शनिवार से मौसम बदलने की संभावना है और कुछ स्थानों पर आंधी तूफन के साथ बारिश हो सकती है।
30 अप्रैल तक भीषण गर्मी बनी रहने की संभावना
भारतीय मौसम विभाग आईएमडी के अनुसार, पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा, पूर्वी मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ में अलग-अलग स्थानों पर लू चल रही है। रात में भी राहत नहीं मिल रही है। राजस्थान और पंजाब के अलग-अलग इलाकों में 1 मई तक, हरियाणा और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 29 अप्रैल तक लू की स्थिति बनी रह सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी लू चलेगी। इसके अलावा, बिहार, झारखंड, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, तटीय कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश और यमन, रायलसीमा और गुजरात में 30 अप्रैल तक भीषण गर्मी बनी रहने की संभावना है।
यूपी में कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में मौमस के मिजाज में इलाकों के हिसाब से बदलाव नजर आएगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज और चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लू का प्रकोप जारी रह सकता है। पूर्वी यूपी में आज अधिकतम 36.38 और न्यूनतम तापमान 22.24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पश्चिमी यूपी में अधिकतम तापमान 40.42 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
बिहार-झारखंड में बारिश
बिहार के लिए आईएमडी की ओर से बरसात के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।् राज्य के पूर्वी जिलों में गरज और बिजली के साथ मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।् वहीं पश्चिमी बिहार में मौसम गर्म और उमस भरा रहने वाला है। झारखंड के भी आज हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने विशेषकर रांची, जमशेदपुर, और धनबाद जैसे इलाकों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।