गंगा को अविरल बनाने पर दिया गया जोर
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिला गंगा समिति के तत्वाधान में नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत गंगा संरक्षण में युवाओं की सहभागिता हेतु मिनी कुंभ के नाम से प्रसिद्ध मेला श्री रामनगरिया में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिला परियोजनाधिकारी नमामि गंगे निहारिका पटेल के निर्देशन में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, गंगा दूत एवं अन्य युवाओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में गंगा स्वच्छता व संरक्षण से संबंधित नृत्य, गीत, गोष्ठी, नाटक इत्यादि प्रस्तुत किए गए। युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उपस्थित सभी लोगों को गंगा संरक्षण व पर्यावरण संरक्षण हेतु जागरूक किया। निहारिका पटेल ने कहा की मेरा श्री रामनगरिया जो की मिनी कुंभ के नाम से प्रसिद्ध है। यह विशेष आस्था का प्रतीक है। हजारों लाखों लोग प्रतिवर्ष कई किलोमीटर के दायरे में फैले इस मेले में कल्पवास करने आते हैं एवं निरंतर एक माह तक मां गंगा की पूजा अर्चना करते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हम अपनी गंगा मां को पूजते हैं। उसी तरह से उनका संरक्षण करने, गंगा के जल को साफ सुथरा रखने में भी हमें अपनी अहम भूमिका निभानी चाहिए।

अतिथि के रूप में उपस्थित ईश्वरदास महाराज ने गंगा संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि हम सभी गंगा नदी को मां के रूप में पूछते हैं उनका सम्मान करते हैं। हम सभी भारतवासी का यह कर्तव्य है कि अपनी नदियों को बचाने के लिए अभियान चलाएं। चाहे युवा हो या बुजुर्ग सभी इस अभियान का हिस्सा बने। आचार्य चंद्र देव शास्त्री ने भी इस विषय को अहम बताते हुए कहा कि प्रतिवर्ष हम सभी गंगा मां के किनारे एक माह तक कल्पवास करते हैं गंगा मां निरंतर अविरल निर्मल बहती रहे, इसके लिए हम अपने-अपने स्तर से सभी को जागरूक करें। अखिलेश अग्निहोत्री ने कहा कि युवाओं के द्वारा यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है जो की बहुत ही सराहनीय है। हम अपने जल, जंगल, जमीन अपने पर्यावरण को बचाने के लिए कार्य करेंगे। उपस्थित सभी लोगों को गंगा संरक्षण की शपथ दिलाई गई। संचालन विशाल श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर जगदीश वर्मा, राहुल वर्मा, शान्तनु कटियार, कुनाल, निशू, विकास यादव, सुमित कुमार, विकास आदि उपस्थित रहे।
