करंट से ससुर और बहू की मौत, गांव में शोक की लहर

हरदोई , समृद्धि न्यूज। शनिवार की सुबह लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मलवा अखबेलपुर में विद्युत करंट लगने से ससुर और बहू की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।जानकारी के अनुसार महेंद्र सिंह पुत्र परमेश्वर बक्स सिंह व बहू मोनी सिंह पत्नी मोनू सिंह की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।अचानक घटी इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
बताया जा रहा है कि महेंद्र सिंह और मोनी सिंह घरेलू कामकाज कर रहे थे।इसी दौरान वह अचानक विद्युत तार की चपेट में आ गए। करंट लगते ही दोनों बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन और ग्रामीण उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही आस-पास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे।
सूचना पाकर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल की। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
गांव में हुई हृदयविदारक घटना से न केवल मृतक परिवार बल्कि पूरा गांव गहरे सदमे में है। ग्रामीण दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवार को दुःख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *