दो लोगों के नाम प्रकाश में आने पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। जानवर चराने को लेकर हुए विवाद में युवक को मारपीट कर घायल कर दिया गया। उसे घायलावस्था में सीएचसी ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। घटना से गुस्साये परिजनों ने जमकर हंगामा काटा तथा पड़ोसी गांव के दो लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं सीओ ने बताया कि घटना में दो लोगों के नाम प्रकाश में आये हैं। उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दविशें दी जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव उमराव नगला निवासी पीआरडी जवान रघुनंदन का पुत्र संजेश बुधवार को अपने जानवर चराने दूसरे गांव में करीब १० बजे गया था। शाम लगभग 3 बजे पड़ोसी गांव हुसैनंगज के लोगों से जानवर चराने को लेकर विवाद हो गया। जिस पर दबंगों ने संजेश की जमकर पिटाई कर दी। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे सीएचसी ले जाया गया। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गयी। जिसके बाद परिवारीजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि जानवर चराते समय हुसैनगंज के लोगों से संजेश का विवाद हुआ था। जिसके चलते गांव वालों ने मेरे बेटे के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। इसी बीच नगरीया देवधरापुर निवासी गोविंद अपनी घायल माता मिथलेश को दिखाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आया। जहां पर संजेश के पारिवारीजनों ने गुनहगार समझकर उसके साथ में मारपीट कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत गोविंद को बचाया और भीड़ से छुड़ाकर गोविंद को तथा उसकी माता को उपचार के लिए भेजा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई की मृतक के गांव के लोग हुसैनगंज की तरफ मारपीट करने के लिए जा रहे हैं। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और वहां जाकर मामले को शांत करवाया। पुलिस ने पंचनामा भरने के लिए शव को उठाना चाहा, तो पारिवारीजनों ने गदर काटना शुरू कर दिया तथा रोड जाम करने की बात होने लगी। जिस पर थाना अध्यक्ष ने पीएसी को बुलाया। वहीं सीओ अमृतपुर भी मौके पर पहुंचे। जैसे-तैसे पुलिस ने मिलकर मामला शांत करवाया। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक पांच भाइयों में से तीसरे नंबर का था। मृतक के भाई सुखदेव, अखिलेश, हिमांशु, लोकेश तथा दो बहनें अनुराधा और प्रीती हैं। इधर मृतक के पारिवारीजनों तथा माता कलावती का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं सीओ ने बताया कि उपरोक्त घटना में नन्दू व सूरज पुत्रगण परशुराम राजपूत निवासी हुसैनगंज का नाम प्रकाश में आया है। इनके विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर कार्यवाही की जा रही है।
जानवर चराने को लेकर दबंगों ने युवक को पीटा, उपचार के दौरान मौत
