नल पर शराब पीने से मना करने पर दबंगों ने युवक पर झोंका फायर, घायल

कम्पिल, समृद्धि न्यूज। नल पर शराब पीने की मना करने पर दबंगों ने युवक पर फायर कर दिया। गोली हाथ में लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन इलाज के लिए युवक को सीएचसी कायमगंज ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे लोहिया रेफर किया गया। पीडि़त के पिता ने थाने पहुंचकर घटना के संबंध में तहरीर दी।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव कादरदादपुर सराय निवासी मोहम्मद समीर ने मंगलवार की बीती रात घर के बाहर सडक़ पर पेशाब करने आया था। देर रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे पड़ोसी के यहां जन्मदिन का कार्यक्रम चल रहा था। घर में डीजे भी बज रहा था। उसी समय पड़ोसी दो साथियों के साथ घर के बाहर लगे नल पर शराब पी रहा था। मोहम्मद समीर ने उक्त लोगों से नल से शराब पीने का मना किया। इसी बात पर बाद विवाद हो गया। गाली-गलौज करते हुए एक युवक ने मोहम्मद समीर के ऊपर फायर कर दिया। घबराकर भागे मोहम्मद समीर के कोहनी में गोली लग गई। डीजे की आवाज तेज होने का फायदा उठाकर आरोपित युवक मौके से फरार हो गए। खून से लथपथ मोहम्मद समीर ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी स्वजनों को दी। स्वजन आनन-फानन में घायल युवक को थाने ले आए। पुलिस ने उसे इलाज के लिए सीएचसी भेज दिया। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को लोहिया रेफर किया गया। मंगलवार शाम पीडि़त ने थाने पहुंचकर मामले की तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कार्यवाहक थाना प्रभारी विभूति प्रसाद ने बताया मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *