क्षेत्राधिकारी व फील्ड यूनिट टीम ने पहुंचकर की जांच पड़ताल
पुलिस ने पति को लिया हिरासत में, घटना से क्षेत्र में सनसनी
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। संदिग्ध अवस्था में विवाहिता व उसके आठ माह के पुत्र का शव फांसी पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की तथा मृतका के पति को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार थाना कादरी गेट में मोहल्ला श्याम नगर निकट रेलवे क्रासिंग निवासी अखिलेश राजपूत की समोसा की दुकान बेबर रोड पर है। वह अपनी पत्नी आकांक्षा 24 वर्षीय व आठ माह के पुत्र दिव्यांश के साथ रहता है। अखिलेश की माँ माया देवी नें बताया कि दोपहर दो बजे वह अपने बड़े पुत्र होरी लाल के घर से अखिलेश के घर खाना खाने गयी थी। जब वह लौटकर आयी, तो आवाज लगायी।

कोई जवाब न मिलने पर माया देवी ने बड़ी बहू सुनीता पत्नी पंकज को आवाज दी। माया देवी व सुनीता ने अखिलेश को सूचना दी। जिसके बाद अखिलेश ने थाना कादरी गेट पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने अखिलेश को हिरासत में ले लिया। सूचना पाकर मौके पर सीओ सिटी प्रदीप कुमार, थानाध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ला, फिल्ड यूनिट ने जांच की। कमरे की कुडंी रस्सी से बंधी थी। जिसको तोडक़र कमरा खोला गया, तो आकांक्षा व उसके दुधमुहे पुत्र का शव साड़ी के फंदे पर फांसी पर झूल रहा था। पुलिस ने शवों को फंदे से उतारकर कब्जे में ले लिया। अखिलेश का विवाह बीते पांच साल पूर्व थाना सिबली सुजानपुर कानपुर निवासी आकांक्षा के साथ हुआ था। थानाध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि जाँच की जा रही है। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
