मृतक शाहजहांपुर निवासी राजीव का निकला
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। नगर के मंझना मार्ग स्थित बघार पुल के पास बुधवार सुबह करीब 7 बजे एक खेत में युवक का शव मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मृतक की पहचान जलालाबाद जनपद शाहजहांपुर के मोहल्ला नौसारा निवासी राजीव (39) पुत्र धर्मपाल के रूप में हुई। वह पेपर बांटने का काम करते थे। उनकी जेब से मिले पर्स से यह पहचान संभव हुई। युवक की बाइक भी मंझना पुल के नीचे पड़ी मिली।
सुबह खेत गए लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही एसआई रामसिंह, कांस्टेबिल हर्षित चौहान, अनिल शर्मा और कमल गंगवार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। मृतक राजीव के परिवार में उनकी पत्नी पंखी देवी, पुत्री गुनगुन (18) और पुत्र आर्यन (16), सूर्यांश (13), शिवांश (8), तनिष (5) हैं। राजीव नवाबगंज बाईपास पर अपने दोस्त छोटे लाला के ढाबे के उद्घाटन में शामिल होने आए थे। रात करीब 8 बजे वह घर के लिए निकले थे। जब राजीव घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने रात में ही उनकी तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बघार पुल के पास खेत में पड़ा मिला युवक का शव
