सडक़ किनारे शराब ठेके पास पड़ा युवक का शव, हुई शिनाख्त

नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। सडक़ किनारे एक शराब ठेके के पास एक युवक पड़ा मिला। जिससे लोगों में हडक़ंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के मुताबिक, थाना नवाबगंज के गांव बघौना के निकट स्थित शराब ठेका के पास सडक़ के किनारे एक युवक को लोगों ने घायल अवस्था में पड़ा देखा। इसकी सूचना लोगों ने डायल 112 पुलिस व एंबुलेंस को दी। सूचना पर एंबुलेंस लेकर पहुंचे पायलट अर्जुन व ईएमटी रजनीश ने घायल को एंबुलेंस में रखने को कहा तो वहां मौजूद डायल 112 के पुलिस कर्मियों ने कहा कि थाने से पुलिस आ जाये, तभी युवक को लेकर जाये। कुछ ही देर में थाने से पहुंचे उपनिरीक्षक गिरीश कुमार ने युवक को एंबुलेंस में रखवाकर सीएचसी भिजवाया। यहां मौजूद चिकित्साधीक्षक डॉ0 लोकेश शर्मा ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

राजीव राजपूत के रुप में परिजनों ने की शिनाख्त

एक युवक पड़ा होने की जैसे ही सूचना कुछ लोगों द्वारा फैलायी गई, तभी थाना मऊदरवाजा के गांव जिजुइया निवासी दीपक राजपूत अपने परिजनों के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गया और शव की शिनाख्त अपने भाई राजीव राजपूत के रुप में की। इस घटना से मृतक की पत्नी माधुरी, पुत्री सोनाक्षी, शिवांगी, पुत्र हर्षित आदि परिजन दहाड़े माकर रोने लगे।

पुलिस ने शव को भेजा पोस्टमार्टम के लिए

वहां मौजूद पुलिस ने घटना स्थल की जांच पड़ताल की और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि जांच पड़ताल की जा रही है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्यवाही की कार्यवाही की जायेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *