शारदा नहर पटरी के किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, हत्या की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। माखी थाना क्षेत्र में शारदा नहर पटरी के किनारे झाड़ियों के बीच एक अज्ञात युवक का शव मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार घटना माखी थाना क्षेत्र के गांव मेहरबान खेड़ा के नहर पटरी के पास की है । मृतक के गले में रस्सी के निशान और नाक पर खून लगा हुआ था, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। युवक की उम्र करीब 40 साल बताई जा रही है। उसने नीला लोवर, पीली धारी वाली नीली टी-शर्ट, पीले कॉलर वाली ब्राउन जैकेट, इनर और काले जूते पहने थे। उसके चेहरे पर हल्की दाढ़ी-मूंछ थी।

शव के पास अन्य लोगों के जूतों के निशान भी मिले हैं, जो गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जाहिर करते हैं। पुलिस ने ग्रामीणों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। माखी थाना प्रभारी योगेश सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं और शव को मोर्चरी भिजवा दिया गया है। वहीं पुलिस घटना की जांच कर रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *