उन्नाव, समृद्धि न्यूज। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के लालता खेड़ा गांव में स्थित अमरूद के बाग में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी तब हुई जब उसकी पत्नी ने उसे पेड़ से लटका देखा।
पत्नी की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लालता खेड़ा निवासी बेचेलाल 29 वर्ष पुत्र लालू प्रसाद जो पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रहा था। इसी वर्ष मार्च में उसकी शादी काजल से हुई थी।
शादी के बाद से ही वह अक्सर तनाव में रहता था और पिछले चार-पांच दिनों से आत्महत्या करने की बात कह रहा था। उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए परिवार के सदस्य उसके साथ ही रहते थे ताकि वह कोई गलत कदम न उठा सके।
बीती शाम को बेचेलाल अपनी पत्नी काजल के साथ खेत गया था। पत्नी के अनुसार, बेचेलाल ने उसे बथुए का साग बनाने के लिए कहा और खेतों से बथुआ चुनने को कहा।
जब पत्नी साग चुनने में व्यस्त थी, उसी दौरान बेचेलाल ने अमरूद के पेड़ पर गमछे से फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब पत्नी वापस लौटी, तो उसने बेचेलाल को पेड़ से लटका देखा। उसकी चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
