उन्नाव, समृद्धि न्यूज। माखी थाना क्षेत्र के महादेवन खेड़ा गांव में युवक का शव उसके घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। शव को फांसी पर लटका देख परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, माखी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महादेवन खेड़ा निवासी सुजीत कुमार 21 वर्ष पुत्र चिरंजु का दिमागी संतुलन कुछ समय से ठीक नहीं था और उसका इलाज भी चल रहा था। जबकि, कुछ दिनों से उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ था। परिवार के सदस्यों ने बताया कि जब वे खेत पर काम करने गए थे, तब सुजीत घर पर अकेला था।
काफी देर तक सुजीत के बाहर न आने पर परिजन घर लौटे। उन्होंने दरवाजा अंदर से बंद पाया। कई बार आवाज देने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो दरवाजा तोड़ा गया। अंदर जाकर देखा तो सुजीत फांसी के फंदे से लटक रहा था
मृतक चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था और खेती-किसानी का काम करता था। परिजनों ने बताया कि वह स्वभाव से शांत था, लेकिन कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
थाना प्रभारी माखी योगेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक के पिता चिरंजू और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
