एक युवक की डूबने से, तो दूसरा छह दिन से था लापता
शाहजहांपुर(समृद्धि न्यूज)। बंडा में दो अलग अलग गांवों में हुई घटनाओं में एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई जबकि एक युवक की लाश छ: दिन बाद नदी से बरामद हुई। दोनों के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार दोपहर बाद को बंडा के गांव बौठा जमालपुर निवासी मुरारी लाल का 27 वर्षीय पुत्र अखिलेश अपने 29 वर्षीय भाई बेबी सिंह के साथ गांव के बाहर दक्षिण दिशा में बने तालाब में नहाने के लिए गया था। काफी देर तक वह तालाब में नहाता रहा लेकिन कुछ देर बाद उसने तालाब में डुबकी लगाई जिसके बाद वह बाहर नहीं आया । घटना के करीब 20 मिनट बाद जब उसके भाई ने देखा कि उसका भाई दिखाई नहीं दे रहा है, इस पर उसने अपने गांव के अन्य लोगों को घटना के बारे में बताया जिस पर गांव के लोग काफी देर तक उसकी तलाश करते रहे। घटना के करीब आधे घंटे बाद अखिलेश तालाब से बरामद हुआ जिस पर गांव के लोग काफी देर तक उसके शरीर से पानी निकालकर देखते रहे लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी । घटना की जानकारी पाकर उसके परिवार वाले मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी । मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर दूसरी घटना में गांव इन्दलपुर निवासी 52 वर्षीय हरद्वारी लाल पांच दिन पहले अपने घर से किसी को बिना बताए कहीं चले गए और शाम को घर वापस नहीं पहुंचे। जिसके बाद उनके पुत्र पवन और सोनू ने उन्हें कई जगह तलाश किया लेकिन उनका कोई पता नहीं चला । परिवार वालों ने उनके गुम हो जाने की तहरीर बंडा पुलिस को दी ।घटना के छठे दिन बुधवार दोपहर बाद गांव के ही किसी व्यक्ति ने उसके शव को गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर झोंकन नाथ मंदिर के पास बहने वाली गोमती नदी में उतराता हुआ देखा । ग्रामीणों के अनुसार हरद्वारी लाल शराब पीने के आदी थे जिसके चलते शायद नदी में डूब जाने से उनकी मौत हो गई । वहीं मामले की जानकारी बंडा पुलिस को दी गई । मौके पर पहुंची पुलिस ने उनके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उनकी मौत से पत्नी शकुन्तला, पुत्र पवन और सोनू का रो रो कर बुरा हाल है ।
बंडा में दो युवकों की नदी से लाश बरामद
