फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। युवक का शव ज्वार के खेत में पड़ा मिलने से परिजन आक्रोशित हो गये और हत्या कर शव डाले जाने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया।
जानकारी के अनुसार थाना मऊदरवाजा के ग्राम चौरसिया मझोला निवासी 20 वर्षीय संजेश कुमार जाटव उर्फ मंजेश शनिवार को मजदूरी करने गया था, जब वह शनिवार देर शाम घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। रविवार सुबह परिजनों ने खोजबीन की, पता चला कि गांव के ही युवक के साथ हरसिंहपुर गोवा स्थित एक शराब ठेके पर संजेश देखा गया था। जिसके बाद परिजनों व ग्रामीणों ने युवक को बुलवाकर पूछताछ की तो उसने बताया कि संजेश का शव गांव के ही अनिल सक्सेना के खेत ज्वार की फसल में पड़ा है। परिजन आनन-फानन में ज्वार के खेत में पहुंचे तो देखा कि शव वहीं पड़ा था। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पुलिस पहुंच गयी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि संजेश मजदूरी करता था, उसकी शादी नहीं हुई थी, साथी ही युवक ने संजेश की हत्या की है। इस घटना से मां पुष्पा देवी, भाई अजीत, बहन अंजू का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के ताऊ के युवक ने बताया कि संजेश व साथी युवक ने शराब पी थी, जिसके बाद दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, इसी के चलते संजेश की हत्या की गई। पुलिस ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम डा0 विकास पटेल ने किया। पोस्टमार्टम में संजेश की मौत सिर में चोट लगने से दर्शाया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया और पूछताछ की जा रही है।
युवक की हत्या कर शव ज्वार के खेत में फेंका, आरोपी हिरासत में
