ससुराल आये युवक की गंगा में डूबने से मौत, परिजनों में मचा कोहराम

एसडीएम व तहसीलदार ने पहुंचकर की जांच पड़ताल अमृतपुर/राजेपुर, समृद्धि न्यूज। ससुराल में आए युवक की गंगा में डूबने से मौत हो गई। गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला। परिजन उपचार के लिए सीएचसी लेेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर एसडीएम व तहसीलदार तथा थानाध्यक्ष राजेपुर ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जानकारी के अनुसार थाना राजेपुर के अंतर्गत ग्राम रामपुर जोगराजपुर निवासी संतोष शर्मा ने अपनी पुत्री अमिता की शादी 2 वर्ष पूर्व थाना नवाबगंज के गांव उखरा निवासी चंद्रपाल शर्मा के पुत्र सुरजीत शर्मा के साथ की थी। 15 जुलाई को सुरजीत अपनी ससुराल आया था। 16 जुलाई को समय करीब 9:30 बजे सुरजीत अपने ससुरालियों आलोक पुत्र चंगे, अजय पुत्र कमलेश निवासी जोगराजपुर थाना राजेपुर के साथ गांव के बाहर टापू पर भैंस लेकर गए थे। गांव के बाहर सोता नाला में गंगा का पानी अधिक होने से उक्त सभी लोग पार कर रहे थे, तभी सभी लोग सोता में फंस गये। आलोक व अजय तैरकर किसी तरह बाहर निकल आये। सुरजीत सोता में फंस गया। आलोक व अजय ने घटना की सूचना परिजनों व गोताखोरों को दी। गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरजीत को बाहर निकाला। परिजन उपचार के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष राजेपुर दिवाकर सरोज पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गये और जांच पड़ताल कर घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर एसडीएम गजराज सिंह, तहसीलदार कर्मवीर सिंह ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। शव घर पहुंचते ही मृतक की पत्नी अमिता व मां आदि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *