आलू की मंदी को लेकर सातनपुर मण्डी में किसान यूनियन का धरना प्रदर्शन.

*आलू का निर्यात खोलने, सरकारी खरीद किये जाने सहित गन्ने का समर्थन मूल घोषित करने को लेकर किसान नेताओं ने सौंपा ज्ञापन
फर्रुखाबाद,समृद्धि न्यूज। आलू की घोरमंदी समेत अन्य समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन के तत्वाधान में आलू मण्डी सातनपुर में धरना प्रदर्शन कर आंदोलन की शुरुआत की गई। किसान यूनियन टिकैट गुट के अध्यक्ष अरविन्द शाक्य के नेतृत्व में जोरदार नारेबाजी हुई और आलू का निर्यात कराने व आलू की सरकारी खरीद कराये जाने और समर्थन मूल्य एक हजार रुपये घोषित करने की मांग पूरी जोरदारी के साथ उठायी गई। इसके साथ ही आलू पर आधारित उद्योग जनपद में लगवाये जाने की मांग भी की गई। गन्ना का समर्थन मूल्य ४५० रुपये घोषित किये जाने और गन्ना किसानों का बकाया भुगतान कराने की मांग भी किसान नेताओं ने की।
फर्रुखाबाद आलू उत्पादन का सबसे बड़ा क्षेत्र है। यहां पर आलू किसानों को संरक्षण देने के लिए अभी तक कुछ भी नहीं किया गया। हर फसल पर माटी मोल आलू बिकता है। वैसी ही परिस्थिति वर्तमान में चल रही है। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन नगर मजिस्टे्रट दीपाली भार्गव व मण्डी सचिव दिलीप कुमार वर्मा को किसान नेताओं ने सौंपा। बड़ी तादात में किसान धरना प्रदर्शन में एकत्र हुए और आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की। आंदोलन को इंडियन पौटैटो ग्रोवर एण्ड एक्सपोटरर्स सोसाइटी ने भी समर्थन दिया और समर्थन पत्र अध्यक्ष को सौंपा। समर्थन पत्र में उत्तर प्रदेश की प्रमुख मंडियों के लिए आलू के निर्यात को खोले जाने की मांग की गई। इसके साथ-साथ निर्यात का लक्ष्य निर्धारित करने, परिवहन किराया अदा करने के लिए अनुदान दिलाये जाने की मांग की गई। जिला लेबल पर आलू के निर्यात के लिए एक संगठन बनाने की मांग की गई। अधिक आलू उत्पन्न करने वाले किसानों को सम्मानित किये जाने की मांग उठायी गई। सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुधीर कुमार शुक्ला, महासचिव नेमीचन्द्र जादौन, प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार कटियार ने समर्थन पत्र जारी किया है।
इस मौके पर महासचिव लक्ष्मी शंकर जोशी, मंडल उपाध्यक्ष प्रभाकांत मिश्रा, कुलदीप अवस्थी, संजीव सिंह, अरविन्द राजपूत, अशोक कुमार फौजी, डा0 रामबरन राजपूत, सुधीर कुमार शुक्ला, परशुराम वर्मा, सुधीर वर्मा रिकू आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *