
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने द्वारा ग्राम रतनपुर ब्लाक कमालगंज में नवनिर्माणाधीन जलजीवन मिशन परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री/ मुख्यमंत्री का सपना है कि जलजीवन मिशन के तहत हर घर जल योजना अन्तर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक ग्रामीण परिवार को शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सके। इस उद्देश्य से सभी ग्राम पंचायतों में पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित संबंधित सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ससमय उक्त परियोजना का निर्माण कार्य पूर्ण कराकर सभी ग्रामीण परिवारों के यहां पानी का कनेक्शन कर जल्द से जल्द शुद्ध पेयजल की सुविधा मुहैया करायी जाए। निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उप मुख्यमंत्री ने परियोजना का स्थलीय भ्रमण कर बारीकी से निरीक्षण किया गया और संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की जानकारी प्राप्त की गयी। उन्होंने ग्राम के सभी मजरों एवं परिवारों को हर घर जल योजना से संतृप्त करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सांसद मुकेश राजपूत, जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी, अधिशासी अभियन्ता जल निगम ग्रामीण, जिला पंचायत राज अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
