विधायक ने की 22 जनवरी को दीपोत्सव के रुप में मनाने की अपील
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। सदर विधायक एवं जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत हैदरपुर ब्लॉक कमालगंज में विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन किया गया।

विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में भारत सरकार द्वारा भेजी गयी एल0ई0डी0 वैन के माध्यम से प्रधानमंत्री के वर्चुअल संवाद का लाइव प्रसारण का विधायक भोजपुर, समस्त उपस्थित अधिकारी एवं ग्रामीणों द्वारा अवलोकन किया गया। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना है की हर गांव के हर व्यक्ति को विकसित बनाना है। इसी उद्देश्य से पूरे देश में विकसित भारत संकल्प यात्रा बड़े पैमाने पर आयोजन कराया जा रहा है। उन्होंने समस्त अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से संतृप्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के आह्वान पर 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर उद्घाटन के पावन दिवस को दीपोत्सव के रूप में मनाने की अपील की।
जिलाधिकारी द्वारा इस दौरान शपथ ग्रहण कराई गईं। जिलाधिकारी ने निर्देशित करते हुए कहा कि संबंधित विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए। यदि कोई पात्र लाभार्थी किसी कारणवश वंचित रह गया है तो यात्रा कार्यक्रम में ही आवेदन कराकर योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। विकसित भारत यात्रा में विधायक एवं जिलाधिकारी ने लाभार्थियों को घरौनी, आयुष्मान कार्ड वितरित किए। गर्भवती महिलाओं की गोद भराई के साथ-साथ नवजात शिशुओं को खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया। उपस्थित अधिकारियों द्वारा विभागीय योजना की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, उप निदेशक कृषि, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, संबंधित अधिकारी एवं सम्मानित ग्रामीणजन आदि उपस्थित रहे।
