गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ, के गूंजे जयकारे
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। शनिवार को भगवान गजानन की विसर्जन यात्रा धूमधाम से निकाली गयी। जनसैलाब इतना उमड़ा कि जगह कम पड़ गयी। भारी भीड़ के चलते रुट डायवर्जन किया गया था। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल साथ-साथ चल रहा था। देर शाम विसर्जन यात्रा पांचाल घाट गंगा तट पर पहुंची। जहां भगवान गजानन का विधि विधान से विसर्जन किया गया।
कस्बे में रखी गणेश प्रतिमा पर प्रतिदिन गणपति बप्पा मोरया के जयकारे गूंजते रहे। सुबह शाम होने वाली महा आरती में महिलाओं व पुरुष भक्तों ने हिस्सेदारी की। हवन पूजन के उपरांत पूजा पंडाल में स्थापित मूर्ति वैदिक मंत्रोचार के बीच विसर्जन के लिए जुलूस संग शनिवार को निकली।
मूर्ति विसर्जन में युवा भक्त डीजे की धुन पर जमकर थिरके। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर थिरकते हुए चल रहे थे। गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आना, के गगनभेदी जयकारे से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा।
गणेश उत्सव समितियों द्वारा भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। फूलों से सुशोभित वाहन पर मूर्ति रखकर ढोल तासे की ध्वनि पर जयकारे लगाकर नगर भ्रमण कराया गया। कमेटी अध्यक्ष अमित गुप्ता, तरुन महेश्वरी, गौरव गुप्ता, ध्रुव मिश्रा, शान्ति बोध पालीवाल, रामजी श्रीवास्तव, गौरव महेश्वरी, रविन्द्र वर्मा आदि रहे।
कस्बे में किया गया रूट डायवर्जन
कस्बे में भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने रूट डायवर्जन किया था। कानपुर की तरफ जाने वाले वाइक सवारों व कार सवारों को पुलिस ने शेखपुर क्रासिंग से मोड़ दिया।
जहाँ से वह रेलवे स्टेशन क्रासिंग से निकलकर कानपुर की तरफ रवाना हो सकते थे। उधर से फर्रुखाबाद की तरफ जाने वाले छोटे वाहनों को भी उधर से निकालने की व्यवस्था की गयी थी। इसके बाद भी भीड़ के चलते कुछ परीक्षार्थियों को निकलने में समस्या हुई जो पीईटी परीक्षा देने जा रहे थे। एसडीएम रजनीकान्त पाण्डेय, सीओ अजय वर्मा आदि भारी पुलिस बल एक साथ मौजूद रहे।
