ऐतिहासिक पांडेश्वरनाथ मंदिर में दर्ज की गयी भक्तों की भारी भीड़
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सावन के दूसरे सोमवार पर नगर के शिवालयों में भक्तों ने पहुंचकर विधि विधान से भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की और उनको वेलपत्र, धतूरा, भांग आदि अर्पण किये। वहीं कई भक्तों ने गंगा स्नान कर वहां से लाये गये जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। मंदिरों में पूरे दिन बम-बम भोले के जयकारे गुंजायमान होते रहे। सुरक्षा की दृष्टि मंदिरों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। वहीं ऐतिहासिक पांडेश्वरनाथ मंदिर में अधिक भीड़ के चलते पुलिस ने लाइनें लगवायीं। तब कहीं जाकर भक्तों ने दर्शन किये।
सावन का दूसरा सोमवार होने के चलते शिवालयों में भक्तों की भीड़ दर्ज की गयी। हर कोई पूजा की थाली सजाये शिवालयों की ओर जाता दिखायी दिया। सुबह भक्तों ने पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक किया और उनको वेेलपत्र, धतूरा, पुष्प, भांग आदि अर्पण किये। नगर के ऐतिहासिक मंदिर पांडेश्वरनाथ में भक्तों का भारी जनसैलाब उमड़ा। जिससे भक्तों को दर्शन करने में अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। यहां पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बेरीकेडिग कर भीड़ को नियंत्रित किया और महिला और पुरुषों की अलग-अलग लाइनें लगवाकर दर्शन करवाये। इसके अलावा नगर के मठिया देवी, कोतवालेश्वर, बढ़पुर स्थित शंकर जी के मंदिर समेत नगर के दर्जनों शिव मंदिरों पर भक्तों की भारी भीड़ देखी गयी। वहीं महिला व पुरुषों ने घरों पर व्रत रखकर भगवान शिव की आराधना की। शाम के समय मंदिरों में भगवान शिव की फूल पत्तियों से मनमोहक झाकियां सजायी गयीं और रंग बिरंगी आकर्षक झालरें लगायी गयीं। जिससे भगवान भोलेनाथ की आकर्षक झांकी देखते ही बनी। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के आदेश पर पुलिस फोर्स तैनात रहा। जो हर गतिविधि पर अपनी पैनी नजर बनाये रहा। वहीं नगर से बीते दिन कई भक्त गोला गोकर्णनाथ के लिए रवाना हुए थे। जिन्होंने आज गोला गोकर्णनाथ में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
शिवालयों में भक्तों ने भगवान शिव का गंगाजल से किया जलाभिषेक
