जन्माष्टमी पर डीजीपी के सख्त निर्देश: चंदा वसूली, अशोभनीय आयोजनों पर रोक

समृद्धि न्यूज। आगामी 16 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने और सौहार्दपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्णा ने सभी पुलिस आयुक्तों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, रेलवे पुलिस और पीएसी कमांडरों को विशेष दिशा निर्देश जारी किए हैं। डीजीपी ने सख्ती के साथ निर्देश दिए हैं कि जन्माष्टमी के दौरान किसी भी प्रकार का चंदा नहीं लिया जाएगा और पुलिस कर्मियों के वेतन से जबरन कटौती नहीं होगी। डीजीपी ने अपने निर्देश में स्पष्ट किया है कि जन्माष्टमी के आयोजनों के लिए आम जनता से किसी भी प्रकार का चंदा नहीं लिया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि इस नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जन्माष्टमी के अवसर पर किसी भी प्रकार के अशोभनीय या अश्लील नृत्य और संवाद वाले कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। उन्होंने सभी पुलिस आयुक्तों, जिला प्रभारियों (एसपी/एसएसपी) और सेनानायकों को निर्देश दिया है कि वे पहले से आयोजनों की समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी अशोभनीय गतिविधि न हो। डीजीपी ने कहा कि पर्व की गरिमा को बनाए रखने के लिए सभी स्तरों पर सतर्कता बरती जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *