घटनास्थल का किया निरीक्षण, एसपी को दिये निर्देश
पुलिस को सीसीटीवी खंगालने के दौरान मिले सुराग
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। डीआईजी हरीश चन्दर ने आज यहां कहा कि दंपति हत्याकांड का शीघ्र खुलासा करेंगे। कानपुर रेन्ज के डीआईजी हरीश चन्दर ने आज दोपहर बाद कायमंगज जाकर दंपति हत्याकांड के बारे में जानकारी की। इस दौरान डीआईडी ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि मारे गये वृद्ध दंपति बीमार चल रहे थे। उनको सबसे पहले मृत अवस्था में दूधिया ने देखा था। मृतकों के गले में निशान देखे गये हैं। किसी करीबी व्यक्ति ने ही घटना को अंजाम दिया है। घटना के समय दरवाजा खुला था। मकान के अंदर स्ट्रगल नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि दंपति के शवों का पैनल से पोस्टमार्टम किया जा रहा है। डीआईजी ने बताया कि घटना के संबंध में कई महत्वपूर्ण सुराग मिल गये हैं। हत्याकांड का खुलासा करने के लिए पुलिस की पांच टीमें लगायी गयी हैं। घटना की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। पुलिस अधीक्षक इस घटना को पर्सनली देख रही हैं। वार्ता के दौरान स्थानीय विधायक सुरभि, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, सीओ राजेश कुमार द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक आदि पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार डीआईजी ने घटना का शीघ्र खुलासा करने के मातहतों को निर्देश दिये हैं। चर्चा है कि पुलिस को सीसीटीवी कैमरे खंगालने के दौरान महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। घटना के बाद एक और चौंकाने वाली घटना सामने आयी है। बीती रात मृतक दंपति की बेटी गुनगुन गुरुग्राम से और मृतका पुष्पा की बहन चंदा देवी कानपुर से पहुंचीं। दोनों में पुरुषोत्तम की सम्पत्ति को लेकर काफी विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गये कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर सम्पत्ति हड़पने के आरोप लगाये। अनुमान लगाया जा रहा है कि सम्पत्ति के लालच में दंपति की हत्या तो नहीं की गयी। मालूम हो कि बीते दिनों मोहल्ला कंचा गंगा दरवाजा निवासी पुरुषोत्तम कौशल व व उनकी पत्नी पुष्पा कौशल की घर के अंदर निर्मम तरीके से हत्या कर दी गयी थी।
तीन लोगों को लिया गया हिरासत में
दंपति हत्याकांड में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। बताते चलें कि पुलिस को सीसीटीवी कैमरे खंगालने के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। हत्याकांड की सुई अपने करीबियों पर घूम रही हैं। पुलिस का कहना है कि वह जल्द से जल्द घटना का खुलासा करेगी।
