खुले पैसों को लेकर ऑटो चालक और महिला में विवाद, मौके पर पहुँची पुलिस

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। एक महिला फतेहगढ़ की ओर से ऑटो में सवार होकर मिशन कंपाउंड जा रही थी। गंतव्य पर पहुँचने के बाद महिला ने किराए के लिए 500 रुपये का नोट निकाला। ऑटो चालक के पास खुले पैसे नहीं थे। पैसों को छुट्टा कराने के लिए चालक महिला को करीब 250 मीटर आगे आवास विकास तिराहे पर ले आया। यहाँ पैसे तो खुले हो गए, लेकिन असली विवाद तब शुरू हुआ जब चालक ने महिला को वहीं उतरने को कहा। महिला यात्री ने तिराहे पर उतरने से साफ इनकार कर दिया। उसका कहना था कि चालक उसे वापस उसी स्थान पर छोडक़र आए जहाँ उसे वास्तव में उतरना था। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। विवाद को देख बीच सडक़ पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। स्थिति को बिगड़ता देख ऑटो चालक ने डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनीं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। काफी देर तक चले ड्रामे के बाद पुलिस ने मध्यस्थता की। अंतत: पुलिस के समझाने और हस्तक्षेप के बाद ऑटो चालक महिला को उसके तय स्थान तक वापस छोडऩे के लिए राजी हुआ, तब जाकर मामला शांत हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *