जिला जज ने भी खाई फाइलेरिया से बचाव की दवा

कलेक्ट्रेट में लगे बूथ पर 720 लोगों ने खाई दवा
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत घर-घर जाकर स्वास्थ्यकर्मी फाइलेरिया से बचाव की दवा खिला रहे हैं। इसी क्रम में आज कलेक्ट्रेट में लगे बूथ पर जिला जज समेत ७२० लोगों ने फाइलेरिया की दवा खायी।
जनपद सहित प्रदेश के 27 जिलों में शनिवार से फाइलेरिया उन्मूलन चल रहा है। यह अभियान 2 सितंबर तक चलाया जायेगा। इस दौरान कलेक्ट्रेट में लगे बूथ पर जिला जज विनय कुमार, एडीजे विष्णु चंद्र, शैली राय, शैलेंद्र सचान सहित 720 लोगों ने फाइलेरिया से बचाव की दवा का सेवन किया। जिला जज विनय कुमार ने कहा कि हम सभी को इस अभियान को सफल बनाने के लिए इसमें अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी होगी, तभी यह अभियान सफल होगा। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 आर0सी0 माथुर ने बताया हाईड्रोसील हो जाना, हाथी पाँव हो जाना यानी पैरों में सूजन हो जाना, महिलाओं के स्तन में सूजन आ जाना यह सब फाइलेरिया रोग के लक्षण हैं। फाइलेरिया रोग मच्छरों द्वारा फैलता है। खासकर क्यूलैक्स मादा मच्छर के जरिए। जब यह मच्छर किसी फाइलेरिया रोग से ग्रसित व्यक्ति को काटता है तो वह संक्रमित हो जाता है फिर यह मच्छर रात के समय किसी स्वस्थ्य व्यक्ति को काट लेता है तो फाइलेरिया रोग के परजीवी रक्त के जरिए उसके शरीर में प्रवेश कर उसे भी फाइलेरिया रोग से ग्रसित कर देते हैं। जिला मलेरिया अधिकारी नौशाद अली ने बताया कि 2 वर्ष की आयु से ऊपर के लोगों को फाइलेरिया की दवा दी जायेगी। दवा खाली पेट नहीं खाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीमार, गर्भवती और दो वर्ष से कम आयु के बच्चों को फाइलेरिया की दवा नहीं खानी है। डीएमओ ने कहा कि अभियान के दौरान जिले के लगभग 21 लाख लोगों को अभियान के दौरान दवा खिलाई जायेगी। इस दौरान जवाहर सिंह गंगवार, घनश्याम सिंह, पीसीआई से शादाब आलम आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *