
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह के निर्देशानुसार म्युनिसिपल इण्टर कॉलेज फतेहगढ़ में प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट गिरिजाशंकर द्वारा जिला स्तरीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसमें जूनियर संवर्ग, सीनियर संवर्ग तथा अध्यापक संवर्ग में अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया।
म्युनिसिपल इण्टर कॉलेज फतेहगढ़ में शुक्रवार को दो दिवसीय जिला स्तरीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में जनपद के 55 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। इसमें जूनियर संवर्ग (बालक/बालिका), सीनियर संवर्ग तथा अध्यापक संवर्ग के अभ्यर्थियों द्वारा प्रतिभाग कराया जाना था। जिसमें जूनियर संवर्ग में 12 स्थिर प्रदर्श,17 क्रियाकारी प्रदर्श, सीनियर संवर्ग में क्रियाकारी प्रदर्श में 14 अभ्यर्थियों, जबकि 9 स्थिर प्रदर्श तथा तीन अध्यापक संवर्ग कुल 55 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया।
जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आये छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिस्पर्धा को दिखाते हुए स्वास्थ्य, दूरसंचार, कंप्यूटेशनल सोच, कृषि पर आधारित स्थिर तथा क्रियाशील मॉडल प्रस्तुत किये। जिसका अवलोकन जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह तथा मान्यवर काशीराम महाविद्यालय निनौआ की प्राचार्या डॉ0 शालिनी सिंह द्वारा किया गया। प्रदर्शनी की अच्छी व्यवस्था के आयोजन के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रधानाचार्य की सराहना की। प्रदर्शनी में शनिवार को 20 अभ्यर्थियों को मेरिट के अनुसार चयन करते हुए मंडल स्तर पर भेजा जाएगा। इसमें जूनियर स्तर पर पांच क्रियाशील तथा पांच स्थिर मॉडल में तथा पांच क्रियाशील मॉडल के लिए सीनियर वर्ग के अभ्यर्थियों को तथा पांच अध्यापक संवर्ग में चयन कर मंडल स्तर पर भेजा जाएगा। जहां पर यह अभ्यर्थियों के चयनोपरांत राज्य स्तर पर भेजा जाएगा। जनपद स्तरीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी के परिणाम तथा पुरस्कार वितरण जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा शनिवार को किया जाएगा। प्रदर्शनी में निर्णायक की भूमिका प्रधानाचार्य संतोष त्रिपाठी, प्रधानाचार्य कैप्टन बलविन्दर सिंह, कृषि प्रवक्ता कुलदीप कुमार, जीव विज्ञान प्रवक्ता रामचंद्र कुरील द्वारा निभाई गई। प्रदर्शनी के आयोजन में विद्यालय के शिक्षक मयंक रस्तोगी, अशोक कुमार कठेरिया, अरविंद कुमार, रामेश्वर, डॉ0 दिनेश चंद्रा आदि सभी ने संयुक्त रूप से सहयोग किया।
