
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। अमृतपुर क्षेत्र मेें जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने पहुंचकर बाढ़ क्षेत्र का दौरा कर ग्रामीणों का हाल जाना। जिलाधिकारी ने सभी ग्रामीणों को भरोसा देते हुए कहा कि आप लोग घबराए नहीं हम आप मिलकर इस आपदा से लडऩे का काम करेंगे। जिला प्रशासन आपकी हर संभव मदद करेगा।
जिलाधिकारी ने बलीपट्टी रानी गांव पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की एवं कोटेदार द्वारा राशन वितरण की भी जानकारी की। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को कड़े निर्देश देते हुए कहा पूरे क्षेत्र पर पैनी नजर रखें। किसी भी ग्रामीण को असुविधा न हो हर गांव गांव जाकर कैंप लगाएं। जिससे कि जो लोग बीमार हैं वह इसका लाभ ले सकंे। जिलाधिकारी ने तहसीलदार कर्मवीर सिंह को निर्देश देते हुए कहा तहसील क्षेत्र के हर गांव-गांव जाकर लोगों को राशन, दवाइयां आदि जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम करें। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी सुभाष चंद्र प्रजापति, उप जिलाधिकारी अमृतपुर रविंद्र सिंह, राजस्व निरीक्षक अजय कुमार शुक्ला, लेखपाल धनंजय दीक्षित आदि मौजूद रहे।
