गंभीर प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई करने के दिये निर्देश
तहसील निरीक्षण के दौरान रुटीन कार्यों की समीक्षा की
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी डॉ0 आशुतोष कुमार द्विवेदी ने गुरुवार को कोतवाली कायमगंज का निरीक्षण किया। क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने जिलाधिकारी की अगवानी की। इंस्पेक्टर मदन मोहन चतुर्वेदी ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ.-सफाई, अभिलेखों का संधारण, आगंतुक रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क, शस्त्रागार, मालखाना तथा बंदीगृह का गहन निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निस्तारण समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं की प्रगति की जानकारी ली तथा गंभीर प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए उन्होंने महिला संबंधित प्रकरणों में संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सीसीटीएनएस प्रणाली, बीट पुलिसिंग एवं अपराध नियंत्रण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने थाना परिसर में अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, साफ.-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ रखने तथा आमजन के साथ शिष्ट एवं उत्तरदायी व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी राजेश द्विवेदी कायमगंज, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, एसएसआई सुरजीत कुमार, कस्बा चौकी इन्चार्ज सोमवीर सहित संबंधित कर्मी मौजूद रहे।
इसके बाद जिलाधिकारी ने तहसील परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने ऊपरी मंजिल स्थित आरके कार्यालय, संग्रह अमीन कक्ष और रजिस्ट्रार निर्वाचन कार्यालय का जायजा लिया। एसडीएम कार्यालय में महत्वपूर्ण पंजिकाओं का अवलोकन करते हुए कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रदेशव्यापी वार्षिक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रूटीन कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ इंफ्रास्ट्रक्चर की कमियों को दूर करना है। उन्होंने जोर दिया कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने कायमगंज कोतवाली व तहसील का किया निरीक्षण
