अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। क्षेत्र के ग्राम कोंलासोता से लेकर राजेपुर तक राम मंदिर के उपलक्ष्य में रैली निकाली गई। जिसमें लोगों को अयोध्या में हो रहे राम मंदिर मैं भगवान राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के लिए जागरूक किया गया। तिराहों व चौराहों पर रैली पर पुष्प वर्षा की गई। गांव की गलियों और सड़कों पर मौजूद लोगों से अपने-अपने घरों में कल घी के दीपक जलाने का आग्रह किया गया।

रैली में हजारों की संख्या में राम भक्तों की भीड़ एकत्रित थी। अधिकतर लोग मोटरसाइकिल व चार पहिया की गाड़ी पर सवार थे। पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा। प्रशासन द्वारा रैली पर लगातार नजर रखी गई। राम रैली के दौरान सड़क पर आवागमन सुचारू रूप से बना रहे और जाम की स्थिति पैदा ना हो सके इसके लिए पुलिस प्रशासन से लेकर राम भक्त तक सहायता करने में लगे हुए थे। 22 जनवरी को अयोध्या में प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन होने जा रहा है। जिससे समस्त देशवासियों के दिलों में खुशी की लहर दौड़ रही है। हर किसी के चेहरे पर मुस्कान दिखाई दे रही है। कहीं लोगों द्वारा राम की प्रतिमा को बनाकर जागरूक किया जा रहा है तो कहीं लोगों द्वारा रैली निकाल कर इस प्रयास को सार्थक किया जा रहा है। कई बुजुर्गों का कहना है कि यह एक ऐतिहासिक क्षण है। कई वर्षों के बाद अब आधा अधूरा कार्य पूर्ण होने जा रहा है। राम रैली के दौरान मंगल गीतों के साथ-साथ भजन कीर्तन भी गए जा रहे थे। नवयुवक इन्हीं भजनों पर नृत्य करते हुए अपने गंतव्य की तरफ लगातार बढ़ते जा रहे थे। मौसम में अधिक सर्दी का वातावरण भी राम भक्तों के उत्साह को कम नहीं कर पा रहा था। इस दौरान राम भक्त प्रदीप राधेश्याम रामबरन राजेश लोकेश नीरज आलोक हरिओम रामवीर प्रिंस अजय आदेश आदि हजारों की तादाद में लोग रैली की शोभा बढ़ा रहे थे।
