गंगा में डूबे युवक का 20 घंटे बाद गोताखोरों ने निकाला शव

कमालगंज, समृद्धि न्यूज। कमलागंज थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के पिलर संख्या-12 के पास गंगा में सोमवार को डूबे एक युवक का शव लगभग 20 घंटे बाद मंगलवार सुबह 9:30 बजे बरामद कर लिया गया। गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया। जांच के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार कमालगंज थाना क्षेत्र के निर्माणाधीन पुल के पिलर संख्या-12 के पास सोमवार दोपहर एक युवक गंगा नदी में डूब गया। मृतक की पहचान राहुल उर्फ लखपति पुत्र संजय गुप्ता के रूप में हुई थी। जो कस्बा कमालगंज की मिठाईयां गली का निवासी था। राहुल अपने परिचित रामसिंह वर्मा उर्फ मुनीम के अंतिम संस्कार में शामिल होने आया था। जिसका अंतिम संस्कार रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे किया जा रहा था। इसी दौरान राहुल पुल के पास गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया, लेकिन देर शाम तक युवक का पता नहीं चल सका। रात भर स्थानीय लोग मौके पर डटे रहे। मंगलवार सुबह फिर से खोज अभियान चलाया गया और गोताखोरों ने युवक का शव बरामद कर लिया। शव मिलते ही मौके पर मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन पुल स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने पर चिंता व्यक्त की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। कमालगंज थाना अध्यक्ष अवध नारायण पांडे ने बताया कि दरोगा कल्लू प्रसाद को मौके पर भेजा गया था। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *