दिव्यांग ने दरोगा पर लगाया मारपीट का आरोप, एसपी से शिकायत.


*वोटर्स पार्टी लामबंद, एसपी आफिस में धरने की चेतावनी
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज।
बड़े भाई के तेरहवीं भोज के दौरान दरोगा ने पहुंचकर दिव्यांग के साथ जमकर मारपीट की व कार्यवाही करने पर जान से मारने देने व परिवार को नष्ट कर देने की धमकी दी। बताते चले कि पीडि़त वोटर्स पार्टी इंटर नेशनल का मण्डल कमालगंज अध्यक्ष भी है। इसलिए वोटर्स पार्टी भी उसके पीछे लामबंद हो गई और कार्यवाही न किये जाने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर धरने की चेतावनी दी।
पुलिस अधीक्षक को दिये गये शिकायती पत्र में पीडि़त हरिनाम सिंह पुत्र राजेन्द्र सिंह निवासी महरुपुर खार थाना जहानगंज के घर पर 29 अप्रैल को उनके बड़े भाई का तेरहवीं भोज था। उसी समय थाना जहानगंज के दरोगा मिथलेश कुमार यादव ने वहां पहुंचकर कुर्सी पर बैठे दोनों पैरों से दिव्यांग हरिनाम के साथ मारपीट शुरु कर दी और कुर्सी पलट दी। दरोगा ने झूठे मुकदमे फंसवाने व जान से मारने की धमकी दी। शिकायती पत्र में दर्शाया गया कि कुछ लोगों ने वीडियो बनाने की कोशिश की तो दरोगा ने उनके साथ मारपीट की और वीडियो भी डिलिट करवा दिये। अगले दिन संबंधित दरोगा पुन: पीडि़त के घर गया और किसी प्रकार की कोई कार्यवाही न करने की हिदायत दी। पीडि़त ने पुलिस अधीक्षक से संबंधित दरोगा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्यवाही की गुहार लगायी। वहीं दूसरी ओर वोटर्स पार्टी के प्रदेश महासचिव वैद्य वीरेन्द्र कुमार आर्य ने चेतावनी दी कि यदि दरोगा के खिलाफ कार्यवाही नहीं की गई तो वोटर्स पार्टी एसपी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगी। उधर एसपी ने पीडि़त दिव्यांग द्वारा की गई शिकायत के संदर्भ में कहा कि राम ठाकुर के घर उनके पिता का तेहरवीं भोज था, तभी गांव के हरिनाम पुत्र राजेन्द्र सिंह, योगेन्द्र प्रताप सिंह पुत्र जगरुप सिंह आये और आयोजन में मौजूद अजय भान सिंह से उनकी नाबालिग पुत्री की शादी अपनी बहन के लड़के से करने का दबाव बनाया। इस बात की शिकायत आरती देवी पत्नी अजय भान सिंह ने पुलिस से की थी। इस बात पर हरिनाम, योगेन्द्र प्रताप का अजय भान से विवाद होने लगा। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने समझाने का प्रयास किया। हरिनाम व योगेन्द्र झगड़े पर उतारी हो गये। जिस पर योगेन्द्र प्रताप को शांतिभंग में गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया। वहीं दिव्यांग होने के नाते हरिनाम को हिदायत देकर छोड़ दिया गया। एसपी ने कहा कि दरोगा के खिलाफ बढ़ा-चढ़ाकर शिकायत की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *