कंपिल, समृद्धि न्यूज। मारपीट में घायल दिव्यांग की तबियत बिगड़ गई। स्वजन उसको इलाज के लिए सीएचसी कायमगंज ले गए। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर पर स्वजन बिलखने लगे। स्वजनों ने हत्या का आरोप लगाया। स्वजनों ने पुलिस पर भी दबाव बनाकर फैसला कराने का आरोप लगाया।
क्षेत्र के गांव गौरखड़ा निवासी पुष्पा देवी ने बताया कि उनके ३६ वर्षीय दिव्यांग देवर राजीव जोशी गुरुवार दोपहर घर के बाहर परिवार के ही सुखवीर के साथ हंसी मजाक कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोस के ही चार लोग मौके पर आ गए। उन्होंने घर के सामने गाली-गलौज करने की बात कहकर लाठी-डंडों से राजीव को मारपीट कर घायल कर दिया। स्वजन राजीव का इलाज गांव में ही कराते रहे। शनिवार दोपहर राजीव की हालत बिगडऩे पर स्वजन उसको सीएचसी कायमगंज ले गए। जहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर पर स्वजन बिलखने लगे। मृतक की भाभी ने बताया गुरुवार देर रात उन्होंने चौकी पुलिस से शिकायत की। मगर पुलिस ने फरियाद नहीं सुनी। पीडि़त महिला ने पुलिस पर विरोधियों से घूस लेकर कार्यवाई न करने का भी आरोप लगाया। महिला ने बताया की पुलिस ने दबाव बनाकर समझौता करवा दिया। युवकों ने ही देवर की हत्या की है। मृतक राजीव तीन भाइयों राजेश, दीपू, राकेश मे सबसे छोटा था। पिता रामप्रकाश, माता चमोली देवी की पहले ही मौत हो चुकी है। मृतक राजीव भाभी पुष्पा और भाई के साथ रह रहा था। सिवारा चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार ने बताया मृतक शराब पीने का आदी था। गांव के ही युवकों से विवाद हो गया था। महिला रात मे आयी होंगी। मगर उनसे नहीं मिली। लिखित में कोई शिकायत भी दर्ज नहीं करवाई। अगले दिन समझौता होने की जानकारी पर कोई कार्यवाई नहीं की गयी। सीओ संजय वर्मा ने बताया तहरीर मिलने पर कार्यवाई की जायेगी।
मारपीट में घायल दिव्यांग की हालत बिगड़ी, मौत
