हरदोई, समृद्धि न्यूज। डीजे मालिक को देर रात 12 बजे के बाद डीजे बजाने से मना करने पर गोली मार दी गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विवाद डीजे बजाने को लेकर हुआ था। बरात में डीजे बंद किए जाने से गुस्साए दूल्हे के जीजा ने डीजे संचालक अमित के पिता पुत्तीलाल की गोली मारकर हत्या कर दी। दूल्हे के जीजा और उसके भाई के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि फरार आरोपियों को पुलिस तलाश रही है। दुल्हन के भाई सुनील ने बताया कि परिजनों की सहमति से शादी न करने का निर्णय लिया गया है। शाहपुर मजरा नेवादा विजय में गुरुवार की रात टीकाराम रैदास की पुत्री की शादी थी। बरात लखनऊ जनपद के जेहटा से दूल्हा बने विकास के साथ आयी थी। इसमें अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम बरगदी निवासी पुत्तीलाल का डीजे बुकिंग पर डीजे कर्मचारी रिंकू और अरुण बजाने आये थे। बताते हैं आधी रात 12 बजे तक जयमाला की रस्म पूरी हो गयी थी। रात 12 बजे उसने डीजे बंद किया तो दूल्हे विकास का जीजा आकाश गौतम व उसका बड़ा भाई अखिलेश फिर से डीजे बजाने की जिद करने लगे। झगड़ा बढ़ता देख डीजे कर्मचारी रिंकू अपने डीजे मालिक पुत्तीलाल और साथी आशीष को फोन करके मौके पर बुलाते हुए अपना डीजे का सामान समेटने लगा। पुत्तीलाल के आने पर भी डीजे दोबारा नहीं बजा। काफी कहासुनी होने के बाद गर्माये माहौल में आरोप है कि अभी सब निपटा देने को कहते हुए दूल्हे के जीजा आकाश गौतम ने अपने बड़े भाई अखिलेश गौतम के ललकारने पर कमर से तमंचा निकाल कर गोली मारी दी। जिससे पुत्तीलाल की मौत हो गई। दूल्हे के जीजा और उसके भाई के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
