नाविक, गोताखोरों के नाम व मोबाइल नंबर की तैयार की जाये लिस्ट
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी डॉ0 वी0के0 सिंह व पुलिस अधीक्षक विकास कुमार द्वारा महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रृंगी ऋषि की तपस्थली श्रंगीरामपुर में लगने वाले मेले का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी द्वारा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या व उनको होने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि बाहर के राज्यों व जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिये। जिलाधिकारी द्वारा उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया गया कि नाव, नाविक व गोताखोरों के नाम व मोबाइल नंबर की लिस्ट तैयार करवाकर हर संबंधित अधिकारी को उपलब्ध करा दी जाये। उपजिलाधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं के स्नान के लिये 500 मी0 लम्बा घाट बनाया गया है। ग्राम पंचायत द्वारा मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं। आवागमन के लिए एकल मार्ग व्यवस्था लागू की गई है। जिसमें खुदागंज की तरफ से श्रद्धालु आयेंगे व रजीपुर की तरफ से वापसी करेंगे इस। अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक कमालगंज व संबंधित लोग उपस्थित रहे।
