अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने रविवार को अमृतपुर तहसील के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने गांवों में पहुंचकर बाढ़ से प्रभावित लोगों की समस्याएं सुनीं और राहत व बचाव कार्यों की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन की ओर से पहले चरण में राहत सामग्री वितरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि मौके पर पहुंचकर बाढ़ की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया। जिससे यह पता चल सके कि कितने लोग प्रभावित हैं और भविष्य की रणनीति कैसे बनाई जाए। डीएम ने कहा कि अमृतपुर तहसील के अंतर्गत कुल 75 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। प्रभावित परिवारों को जरूरी सहायता पहुंचाई जा रही है। प्रशासन की टीम लगातार क्षेत्र में मौजूद है और हालात पर निगरानी रखी जा रही है।
स्थायी समाधान की दिशा में पहल
बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि तटबंध निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अस्थायी राहत के बजाय दीर्घकालिक समाधान सर्वोत्तम होता है और प्रशासन इसी दिशा में कार्य कर रहा है।
स्वास्थ्य कैंप का भी किया निरीक्षण
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी व पुलिस अधीक्षक आरती सिंह पी0एच0सी0 राजेपुर का निरीक्षण किया एवं बाढ़ पीडि़तों के समुचित इलाज के लिये डॉक्टरों को निर्देश दिये। बताते चलें कि गंगापार क्षेत्र में बाढ़ के कहर के चलते संक्रामक बीमारियों तेजी से पैर पसार रही हैं। वायरल फीवर, जुकाम, बुखार, त्वचा रोग तेजी से फैल रहे हैं। वहीं चिकित्सकों का कहना है कि बाढ़ का पानी छंटते ही बीमारियां और तेजी से पैर पसारेंगी। इसलिए ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की जरुरत है। अन्यथा वह बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं।
