डीएम ने शीतगृह संघ की ली बैठक, हुई चर्चा

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी द्वारा जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी की उपस्थित में शीतगृह भण्डारण शुल्क निर्धारण, आलू उत्पादक कृषकों एवं शीतगृह स्वामियों के साथ बैठक कर उनकी समस्यओं को सुना गया।
शीतगृह एसोसिएशन द्वारा सामान्य आलू के लिए 250 प्रति कुन्तल तथा आइसोप्रोपेनॉइल एन-(3-क्लोरोफिनॉइल) कार्बामेट (सीआईपीसी) ट्रीटेड चैम्बर में भण्डारण प्रभार शुल्क रू0 280 सहमति व्यक्त की थी, परन्तु डीएम ने कहा कि कृषकों के हितों को देखते हुए अन्य जनपदों में भण्डारण शुल्क के अनुसार ही जनपद में भण्डारण शुल्क निर्धारित किया जायेगा। जनपद के प्रगतिशील कृषकों के द्वारा बताया गया कि विगत वर्ष के सापेक्ष इस वर्ष आलू की दर कम होने के कारण शीतगृहों में भण्डारण शुल्क न बढ़ाया जाये। डीएम ने शीतगृह स्वामियों/प्रबन्धकों को निर्देशित किया कि निर्धारित भण्डारित शुल्क पर ही कृषकों के आलू का भण्डारण करें तथा कृषकों को भण्डारण सम्बन्धी रसीद एवं तकपट्टी रसीद (तौलपट्टी रसीद) आदि समय से दी जाये तथा आलू भण्डारण सम्बन्धी सूचना एवं भण्डारण प्रभार की दर एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों के दूरभाष नं0 भी शीतगृह के 2वाई4 फिट के आकार के सूचना पट पर पठनीय भाषा में अवश्य प्रदर्शित की जाये।
साथ ही शीतगृह स्वामियों/प्रबन्धकों को निर्देशित किया गया कि शीतगृहों में आलू भण्डार प्रभार प्रति पैकेट न लेकर प्रति कुन्तल की दर से लिया जाये। बैठक में शीतगृह संघ के अध्यक्ष अजय गंगवार, प्रगतिशील कृषक वारिज राजपूत, नारद सिंह, आलू निर्यातक सुधीर कुमार शुक्ला एवं शीतगृह स्वामी/प्रबन्धक तथा आलू उत्पादक कृषक आदि ने प्रतिभाग किया। आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *