कमालगंज, समृद्धि न्यूज। निर्वाचन आयोग के मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बुधवार को बूथ दिवस मनाया गया। इस दौरान कमालगंज नगर के रेलवे स्टेशन रोड स्थित जूनियर हाईस्कूल में सात बूथों पर बीएलओ ने मृतक और अनुपस्थित मतदाताओं के नाम पढक़र सुनाए। दोपहर करीब डेढ़ बजे जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बूथ का निरीक्षण किया और बीएलओ से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ सुमन देवी से शादीशुदा मतदाताओं की संख्या पूछी। जब गणना प्रपत्र पर कोई जानकारी दर्ज नहीं मिली, तो डीएम ने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में परिजनों या पड़ोसियों से यह लिखवा लिया जाए कि मतदाता बाहर रहता है या उसकी मृत्यु हो गई है। इस अवसर पर विधायक नागेंद्र सिंह ने बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ को मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। विभिन्न बूथों पर बीएलओ ने मतदाता सूची में पाई गई विसंगतियों की जानकारी दी। बूथ संख्या 250 के बीएलओ उमेश पाल ने बताया कि उनके वार्ड में 25 मतदाता अनुपस्थित, 146 स्थानांतरित, 20 मृत और चार डबल वोट पाए गए। बूथ संख्या 251 के बीएलओ आलोक ने जानकारी दी कि 215 मतदाता अनुपस्थित, 40 स्थानांतरित, 20 मृत और 15 डबल पाए गए। इस दौरान कई मतदाताओं ने बीएलओ के सहयोग से फॉर्म भरकर जमा किए। वहीं कुछ लोग 2003 की सूची में अपना नाम खोजते दिखे।
