फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर जनपद में टीबी मुक्त 156 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी ने प्रशस्ति पत्र व गांधी की प्रतिमा देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही टीबी रोगियों को गोद लेकर पोषण सहायता प्रदान करने वाले निक्षय मित्रों को प्रशस्ति पत्र दिया गया। इसके साथ ही 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित ग्राम प्रधानों को दिनांक 7 दिसंबर 2024 से 24 मार्च 2025 तक चलने वाले 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान की प्रगति के बारे में अवगत कराया तथा टीबी की जांच हेतु उच्च जोखिम वाली जनसंख्या 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति, कुपोषित व्यक्ति, पुराने टीबी रोगी, टीबी मरीज के साथ रहने वाले व्यक्ति, डायबिटीज के व्यक्ति, नशा धूम्रपान व शराब करने वाले व्यक्ति, एचआईवी से ग्रसित व्यक्ति को नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर/निक्षय शिविर में पहुंचकर निम्न लक्षणों क्रमश: बुखार, खांसी, मुंह से खून आना, थकान, सांस लेने में तकलीफ, रात में पसीना आना, वजन कम होना, भूख न लगना, सीने में दर्द, गर्दन में गिल्टी/गांठ, बांझपन आदि की स्क्रीनिंग कराए जाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि आप लोग अपनी ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि होने के नाते इसका व्यापक प्रचार प्रसार करें तथा लोगों को उपरोक्त लक्षण होने पर तत्काल जांच कराने के लिए कहें। इसके साथ ही उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हम लोग अभी 156 ग्राम पंचायत को टीबी मुक्त कर चुके हैं। यह एक बड़ी उपलब्धि है। आप लोग अपने-अपने गांव में लोगों को जागरूक करें। किसी को खांसी, जुकाम, बलगम या उपरोक्त लक्षण हो तो उनकी जांच करवाएं। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सभी ग्राम प्रधानों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में प्रचार प्रसार करते हुए पात्र लोगों को योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि टीबी मुक्त ग्राम पंचायत के अंतर्गत निर्धारित मानक को पूर्ण करने वाली जनपद में 580 ग्राम पंचायतों में से 156 ग्राम पंचायत को टीबी मुक्त घोषित किया गया है। टीबी की जांच के उपरांत धनात्मक पाए गए सभी क्षय रोगियों को उपचार अवधि में निक्षय पोषण योजना के तहत 1000 प्रतिमाह की दर से उपचार पूर्ण होने तक धनराशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में अब तक 438897 लोगों की स्क्रीनिंग हो चुकी है जिसमें से 1450 टीबी मरीज मिले हैं जो उपचार के उपरांत ठीक हो चुके हंै।
जनपद की 165 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त, प्रधानों को डीएम ने किया सम्मानित
