राजकीय कृषि प्रक्षेत्र जाजपुर बंजारा का निरीक्षण कर दिये आवश्यक दिशा निर्देश
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने किसान कल्याण केन्द्र नवाबगंज एवं मोहम्मदाबाद तथा राजकीय कृषि प्रक्षेत्र जाजपुर बंजारा का निरीक्षण किया।
डीएम ने कृषि विभाग के मल्टीपरपज सीड स्टोर (किसान कल्याण केन्द्र) नवाबगंज एवं मोहम्मदाबाद का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय उप कृषि निदेशक अरविन्द मिश्र एवं जिला कृषि अधिकारी बी0के0 सिंह तथा किसान कल्याण केन्द्र की कार्यदायी संस्था सिडकों के सहायक अभियन्ता उपस्थित रहे। नवाबगंज में निर्मित किसान कल्याण केंद्र के कार्य की गुणवत्ता ठीक थी, किन्तु दूसरी मंजिल पर ब्रिकोवा का कार्य सही ढंग से न किये जाने पर डीएम ने नाराजगी जतायी। कार्यदायी संस्था को इसे तत्काल ठीक कराने का निर्देश दिया। मोहम्मदाबाद में जाजपुर बंजारा राजकीय कृषि प्रक्षेत्र पर स्थित किसान कल्याण केन्द्र का निर्माण कार्य निरीक्षण के समय बंद मिला।डीएम को कार्यदायी संस्था ने बताया कि कि मुख्यालय से दोनों किसान कल्याण केन्द्रों की धनराशि दो से तीन दिन के अन्दर प्राप्त होने पर दो माह के अन्दर कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा। राजकीय कृषि प्रक्षेत्र पर डीएम ने धान की फसल का निरीक्षण किया एवं प्रक्षेत्र पर कराये गये सागौन, आवंला, अमरूद एवं बेल के पौधों का भी निरीक्षण किया। जिला कृषि अधिकारी को और पौधों के रोपण का निर्देश दिया। कृषि विज्ञान केन्द्र जाजपुर बंजारा पर उद्यान विभाग द्वारा निर्मित हाईटेक पॉली हाऊस/नर्सरी आंधी में आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने पर डीएम ने जिला उद्यान अधिकारी को तुरन्त सही कराकर के0वी0के0 को हस्तगत कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने किसान कल्याण केन्द्र नवाबगंज व मोहम्मदाबाद का किया निरीक्षण
