कम रैलियां होने पर जिला विद्यालय निरीक्षक को नोटिस जारी करने के निर्देश
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 01 जुलाई से 31 जुलाई तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान में किये गये कार्यों व 11 जुलाई से 31 जुलाई तक चलने वाले दस्तक अभियान की तैयारियों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया 98 प्रतिशत स्कूलों में जागरूकता रैली हो गई है। माध्यमिक स्कूलों में कम रैलियां होने पर जिला विद्यालय निरीक्षक को नोटिस जारी करने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिये गये। गाँवों में पंचायत विभाग द्वारा निकाली जाने वाली प्रभात फेरियों में नवाबगंज, राजेपुर व मोहम्मदाबाद का प्रदर्शन खराब रहा। जिलाधिकारी द्वारा इस पर नाराजगी जताई गई। जिलाधिकारी द्वारा डी0पी0आर0ओ0 को निर्देशित किया कि जनपद के सभी हैंडपंप व उनके प्लेटफॉर्म 03 दिन में सही करायें। जनपद में ड्रेनेज सफाई का कार्य 53 प्रतिशत हो गया है। झाडिय़ों की कटाई 59 प्रतिशत हो गई है। अर्बन क्षेत्र में ड्रेनेज क्लीनिंग कम पाई गई। फॉगिंग 58 प्रतिशत हो गई है। अभियान में अभी तक 32 सैम बच्चे चिन्हित किये गये हैं। जिनमे से 08 बच्चों को एन0आर0सी0 बार्ड में भर्ती कर दिया गया है। जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी चिन्हित बच्चों की स्क्रीनिंग कराई जाये। जिलाधिकारी द्वारा कमालगंज, मोहम्मदाबाद, नवाबगंज, राजेपुर, कायमगंज व बढ़पुर की सी0डी0पी0ओ0 को कार्य मे ढिलाई बरतने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गये। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पी0डी0 डी0आर0डी0 व संबंधित अधिकारी व डॉक्टर मौजूद रहे।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान व दस्तक अभियान की डीएम ने की समीक्षा
