डीएम, एसपी ने सुनीं जन शिकायतें, दिए निर्देश

मोहम्मदाबाद, समृद्धि न्यूज। मोहम्मदाबाद कोतवाली में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी व पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जन शिकायतें सुनीं और उनके निस्तारण के निर्देश दिए। सकयोली मदनपुर निवासी कल्लू सिंह ने अपने घर तक रास्ता बनवाने की गुहार लगाई। जिस पर पुलिस अधीक्षक ने निस्तारण का आश्वासन दिया। गुरु शादी नगर के मजरा नगला इजात निवासी महेंद्र ने अपनी जमीन पर कब्जे की शिकायत की। उन्होंने बताया कि डेढ़ साल पहले उन्होंने नगला बाग रठौरा में 10 बीघा खेत खरीदा था, जिस पर सुशीला देवी पत्नी रामनाथ का कब्जा है। महेंद्र के प्रार्थना पत्र पर पुलिस अधीक्षक ने राजस्व विभाग के कर्मचारियों को जांच कर जमीन कब्जा मुक्त कराने का निर्देश दिया। संतोषपुर निवासी नन्ही देवी और सावित्री देवी ने भी गांव के लोगों द्वारा अपनी जमीन पर कब्जे का आरोप लगाया। नन्ही देवी ने बताया कि वह कई वर्षों से उस भूमि पर अपने मवेशी बांध रही हैं। उन्होंने चौकी मदनपुर पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। इस पर एसपी ने तत्काल पुलिस भेजकर कार्रवाई करने के आदेश दिए। वहीं एसपी ने थाने का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कोतवाली के नाम कितनी जमीन है और थाने के अंतर्गत आने वाली चौकियों के भवनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने चार नंबर रजिस्टर का अवलोकन किया और अपराध निरीक्षक मुन्ना लाल यादव को चोरियों पर काम करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने गुमशुदा लड़कियों के बारे में भी जानकारी ली। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा, प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला और अन्य राजस्व कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *