मीडिया सेल सहित समितियों का किया गया गठन
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 3 जनवरी 2026 से 03 फरवरी2026 तक लगने वाले मेला श्री राम नगरिया एवं विकास प्रदर्शनी की तैयारियों के सम्बंध में मेला समिति की आवश्यक बैठक आयोजित की गई।
डीएम ने बताया गया कि मेला श्रीरामनगरिया में व्यवस्थाओं हेतु सांस्कृतिक समिति, निविदा आमंत्रण समिति, दुकान/भू-आवंटन समिति, आय व्यय समिति, अस्थायी शौचालय समिति, चिकित्सा व्यवस्था समिति, सफाई व्यवस्था समिति, यातायात/परिवहन व्यवस्था समिति, विकास प्रदर्शनी समिति, खाद्य सामिग्री रसोई गैस व खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं पूर्ति समिति, समतलीकरण समिति, कानून व्यवस्था समिति व मीडिया सेल समिति का गठन किया गया है। पेयजल की व्यवस्था पूर्व की भांति ही रहेगी, विशेष पर्वो पर नगर पालिका के वॉटर टैंकर भी लगाये जायेंगे। मेला क्षेत्र में लगाये जाने बाले बिजली के केबिल इंसुलेटेड हो, खोया पाया केंद्र बनाया जाये, साउंड की व्यवस्था अच्छी क्वालिटी की हो, मेले में लगाये जाने बाले कैम्प कार्यालय की गुणवत्ता अच्छी हो, पैंटून पुल के दोनों किनारो पर बैरीकेटिंग की जाये व पानी गहरा है के चेतावनी बोर्ड लगाये जाये, मेले में लगाये जाने बाले बालेंटियर को ड्रेस उपलब्ध कराई जाये। डीएम ने निर्देशित किया कि पूरे मेला क्षेत्र में रोटेशन के अनुसार मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाये, मोबाइल टॉयलेट लगाये जाने व उनकी समुचित सफाई की व्यवस्था की जाये, पूरे मेला क्षेत्र में पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाये जाये। मेले के उपरांत मेला क्षेत्र की सफाई की शर्त टेंडर में रखी जाये, मीडिया कैम्प का डेकोरम सही रहे, सम्पूर्ण मेला क्षेत्र का सही से समतलीकरण कराया जाये, मुख्य चिकित्सा अधिकारी को तीनों विधा के चिकित्सा कैम्प लगाने, एम्बुलेन्स की तैनाती व सभी सरकारी एवं प्राइवेट अस्पतालों को अलर्ट पर रखने के लिये निर्देशित किया गया। पूरे मेला क्षेत्र में एन्टी लार्वा का छिडक़ाव व फॉगिंग नियमित रूप से कराई जाये, सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था करने व अग्निशमन वाहन की तैनाती की जाये व मॉनिटरिंग के लिये अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाये, नावों पर मालिक, नाविक का नाम व बैठने की क्षमता का अंकन कराया जाये व लाइफ जैकेट रखे जाये। सभी दुकानों में अग्निशमन यंत्रो की व्यवस्था रखी जाये, मंच व मनोरंजन क्षेत्र की विद्युत, फायर, सुरक्षा की एनओसी ली जाये। पूरे मेला क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त जोन बनाया जाये, सभी तैयारियां 15 दिसंबर तक पूर्ण कर ली जाए। डीएम ने विकास प्रदर्शनी में समूहों की दुकानें लगवाने के निर्देश दिये। बैठक में कमेटी सदस्यों द्वारा मांग की गई कि विकास प्रदर्शनी पूरे समय चले, जिला गंगा समिति व पर्यटन विभाग के स्टाल लगाये जाए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, एडीएफओ, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, नगर मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिलारी सदर, वरिष्ठ कोषाधिकारी, कमेटी के पदाधिकारी व संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
मेला श्रीराम नगरिया एवं विकास प्रदर्शनी की तैयारियों के संबंध में डीएम ने ली बैठक
